bhgalpur news. जगतपुर-गरैया 14 नंबर सड़क पर पूर्णिया के युवक की गोली मार कर हत्या

Published by :NISHI RANJAN THAKUR
Published at :25 Apr 2026 10:22 PM (IST)
विज्ञापन
bhgalpur news. जगतपुर-गरैया 14 नंबर सड़क पर पूर्णिया के युवक की गोली मार कर हत्या

भागलपुर में रह कर पढ़ाई करने के वाले पूर्णिया के बिरौली गांव निवासी संतोष जायसवाल के पुत्र सौरभ कुमार जायसवाल (21) की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी.

विज्ञापन

भागलपुर में रह कर पढ़ाई करने के वाले पूर्णिया के बिरौली गांव निवासी संतोष जायसवाल के पुत्र सौरभ कुमार जायसवाल (21) की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. गोली युवक के सीने के बीचो बीच लगी है. घटना के बाद दोस्तों ने ही उसे शनिवार अहले सुबह जेएलएनएमसीएच पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना पीएमसीएच रेफर किया गया. इसके बाद युवक को लेकर उसके दोस्त कहीं चले गये. फिर मृत अवस्था में उसे लेकर सुबह छह बजे मायागंज अस्पताल पहुंचे. इस समय चिकित्सकों ने युवक की मृत्यु हो जाने की पुष्टि कर दी. घटनास्थल नवगछिया पुलिस जिला के परवत्ता थाना क्षेत्र के गरैया से जगतपुर गांव के बीच 14 नंबर सड़क बताया जा रहा है. घटना में पुलिस को दोस्तों पर ही शक है. नवगछिया पुलिस ने भागलपुर पहुंच कर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित दोस्तों पूर्णियां जिले के टीकापट्टी निवासी गौरव कुमार और बैरिया निवासी राजा कुमार को मायागंज अस्पताल परिसर से हिरासत में ले लिया है. दोनों से पुलिस सघन पूछताछ कर रही है. दोनों दोस्तों ने घंटों पुलिस को बरगलाने का प्रयास किया और रह – रह कर अपना बयान बदलते रहे. नवगछिया के एसडीपीओ और परबत्ता थानाध्यक्ष ने अस्पताल पहुंच कर मामले की छानबीन की है. दूसरी तरफ हिरासत में लिये दोनों संदिग्धों को ले कर पुलिस परबत्ता के लिए रवाना हुई. अस्पताल से खून लगा एक गमछा पुलिस ने जब्त कर लिया है. जबकि मृतक का मोबाइल गायब है. दोस्तों ने यह कहानी बतायी मृतक के दोस्त गौरव और राजा ने बताया कि भागलपुर में रहने वाले समेली के एक अन्य दोस्त अनुराग का जन्मदिन था. जन्मदिन पर अनुराग एक चार चक्का वाहन की खरीदारी करने वाला था. शुक्रवार को वाहन नहीं दिया गया, इसलिए उनलोगों ने शुक्रवार की सुबह पार्टी करने का निर्णय लिया. वे लोग टीका पट्टी से कुल पांच दोस्त दो चार चक्का वाहन से निकले थे. आगे चल रहे वाहन पर सौरभ, गौरव और राजा था जबकि पीछे चल रहे वाहन पर शुभम और अनुराग था. गौरव और राजा के अनुसार जगतपुर और गरैया गांव के बीच में 14 नंबर सड़क पर उनलोगों के वाहन को पल्सर पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने रोक दिया. वाहन रुकते ही सौरभ नीचे उतरा और अपराधियों से उलझ गया. अपराधियों ने सौरभ के सीने में गोली मार दी. सौरभ को गोली लगते ही वह गिर गया और अपराधी वाहन को टर्न ले कर तेतरी की ओर भाग गये. इसके बाद उनलोगों ने सौरभ को अस्पताल लाया. गौरव ने यह भी बताया कि शुक्रवार की शाम सौरभ का शुभम और राजमणी से मोबाइल पर झगड़ा भी हुआ था. परिजनों ने बताया, भागलपुर में रह रहा था सौरभ घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता संतोष जासवाल, माता पिंकी देवी व अन्य परिजन अस्पताल पहुंच गये थे. मां पिंकी देवी ने बताया कि सौरभ रात्रि में कहां जा रहा था, उनलोगों को कुछ मालूम नहीं है. वे लोग जानते हैं कि सौरभ भागलपुर में रह कर पढ़ाई कर रहा है. वह दो साल से आदमपुर स्थित एक लॉज में रह रहा था. जानकारी मिली कि तीन दिन पहले सौरभ अपनी मां के साथ ननिहाल गया था. इसके बाद सौरभ भागलपुर चला आया था. सौरभ की मां ने यह भी बताया कि शुक्रवार की शाम चार से पांच बजे के बीच सौरभ ने अनुराग के मोबाइल से फोन किया था. सौरभ ने कहा कि गाड़ी एक्सीडेंट कर गया और ठीक करवाने के लिए पांच हजार रुपये की जरूरत है. यह सौरभ और उसकी मां की अंतिम बातचीत थी. इसके बाद सुबह अनुराग ने सौरभ की मां को घटना के बारे में जानकारी दी थी. शुभम ने 15 दिन पहले दी थी गोली मारने की धमकी परिजनों ने बताया कि 15 दिन पहले शुभम दो अज्ञात लोगों के साथ उसके घर पर पहुंचा था. शुभम ने बताया था कि सौरभ इन दिनों अनुराग के साथ रहने लगा है. मेरे साथ नहीं रहता है. अगर मेरे साथ नहीं रहेगा, तो मैं उसे गोली मार दूंगा. मां ने इस बात को हल्के में लिया था. समझा-बुझा कर मिल जुल कर रहने की सलाह दी थी. मौत होते ही अस्पताल से भाग गये दोस्त, फिर स्नान कर हाफ पेंट में लौटे गौरव और राजा सुबह छह बजे सभी दोस्त सौरभ को लेकर एक बार फिर अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिये जाने के बाद सभी दोस्त मौके से भाग गये. जब पुलिस ने अस्पताल पर्ची पर दिये गये नंबर से संपर्क किया तो एक दोस्त ने कहा कि वे लोग आ रहे हैं. इसके बाद आठ बजे सिर्फ गौरव और राजा स्नान करके हाफ पेंट में अस्पताल पहुंचे थे. बार-बार अपना बयान बदल रहे थे.

विज्ञापन
NISHI RANJAN THAKUR

लेखक के बारे में

By NISHI RANJAN THAKUR

NISHI RANJAN THAKUR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन