Bhagalpur news छात्राओं से बंद कमरे में मिले विधायक, वार्डन हटायी गयी

Updated:
विज्ञापन
Bhagalpur news छात्राओं से बंद कमरे में मिले विधायक, वार्डन हटायी गयी

एएनएम स्कूल की छात्राओं की ओर से प्राचार्या अर्चना कुमारी और वार्डन पर लगाये गये गंभीर आरोपों का मामला अब तूल पकड़ने लगा है.

विज्ञापन

एएनएम स्कूल की छात्राओं की ओर से प्राचार्या अर्चना कुमारी और वार्डन पर लगाये गये गंभीर आरोपों का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. छात्राओं ने विद्यालय में मानसिक प्रताड़ना, दुर्व्यवहार, खराब भोजन और अनुशासन के नाम पर अनावश्यक दबाव बनाने की शिकायत की थी. मामला अखबारों में प्रकाशित होने के बाद गुरुवार को कहलगांव विधायक शुभानंद मुकेश एएनएम स्कूल पहुंचे और छात्राओं से बंद कमरे में अकेले बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली. विधायक ने बातचीत में सभी शिक्षकों, प्राचार्या, वार्डन और कर्मचारियों को बाहर भेज दिया, ताकि छात्राएं बिना किसी दबाव के खुलकर अपनी बात रख सकें. विधायक के सामने छात्राएं बिफर पड़ी और आरोप लगाया कि शिकायत करने के बाद उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तथा अनुमंडल अस्पताल में होने वाले प्रैक्टिकल से रोक दिया गया. छात्राओं ने यह भी कहा कि शौचालय जाने तक में वार्डन की ओर से रोक-टोक की जाती थी और अनुशासन के नाम पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता था. छात्राओं ने विधायक से प्राचार्या और वार्डन को हटाने के साथ विद्यालय की पूरी व्यवस्था में सुधार की मांग की. छात्राओं का आरोप लगाया कि मामला सामने आने के बाद उसे मैनेज करने का प्रयास किया गया और उनसे दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराये गये. शिकायत के बाद लगातार मानसिक दबाव बनाने की बात भी छात्राओं ने विधायक के समक्ष रखी. छात्राओं की बातें सुनने के बाद विधायक शुभानंद मुकेश ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि छात्राओं के साथ किसी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. विधायक ने विद्यालय प्रबंधन और अस्पताल प्रशासन को व्यवस्था सुधारने तथा छात्राओं के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. विद्यालय की प्राचार्या अर्चना कुमारी ने कहा कि विद्यालय में 104 छात्राएं अध्ययनरत हैं और अनुशासन बनाए रखने के लिए कुछ सख्ती की गयी थी, इसलिए आरोप लगाया गया है. अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि वार्डन रंजना कुमारी को हटा दिया गया है तथा विद्यालय व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिये गये हैं.

विज्ञापन
Jitendra Tomar

लेखक के बारे में

By Jitendra Tomar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन