bhagalpur news. भीखनपुर में मैट्रिक पास युवक ने फंदा लगा कर की खुदकुशी

इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर दो मिश्र टोला दुर्गा स्थान स्थित गली में लैब में काम करने वाले अमर कुमार राय के पुत्र सोम राज उर्फ गोलू (17) ने गले में फंदा डाल कर आत्महत्या कर ली है.
इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर दो मिश्र टोला दुर्गा स्थान स्थित गली में लैब में काम करने वाले अमर कुमार राय के पुत्र सोम राज उर्फ गोलू (17) ने गले में फंदा डाल कर आत्महत्या कर ली है. उसने इसी वर्ष मैट्रिक की परीक्षा अच्छे नंबरों से पास की थी. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस ने मामले की आवश्यक छानबीन की है. विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम द्वारा कमरे कमरे का मुआयना और सक्ष्यों को संकलित करवाया गया है. पुलिस ने घटना स्थल से छात्र का मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त कर लिया है. इशाकचक थाना पुलिस गोलू के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर चुकी थी. पुलिस पहुंचने से पहले ही परिजनों द्वारा गोलू के शव को फंदे से उतार दिया था. गोलू का शव पूरी तरह से कड़ा हो गया था, उसके गले पर निशान थे, जीभ बाहर निकली हुई थी. जिस बिस्तर पर शव था, वह बिस्तर बेतरतीब था और बिस्तर पर कपड़े और कॉपी बिखरे पड़े थे. वह लाल रंग की बनियान और पेंट पहना था. रात में सोने गया, दोपहर तक बंद था दरवाजा परिजनों ने बताया कि रात्रि में खाना खाकर रोज की तरह सोम राज उर्फ गोलू अपने कमरे में चला गया. गोलू की सौतेली मां दूसरे घरों चौका-चूल्हा करती है. वह भी सुबह निकल गयी. पिता लैब चला गया. दोनों छोटी बहनें स्कूल चली गयी. दोपहर के समय जब जब मां वापस आयी तो देखा कि उसके कमरे का दरवाजा अब तक बंद है. पहले उसने दरवाजे को खटखटाया, कोई उत्तर नहीं मिलने पर उसने आस पास के लोगों और परिजनों को सूचना दी. फिर परिजनों ने दरवाजे को तोड़ दिया. पता चला कि गोलू एक पतले कंबल से बनाये फंदे से पंखे की कड़ी में लटक रहा था. आनन फानन में उसे नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गयी थी. गोलू के कमरे में थी अजीब पेंटिंग गोलू के कमरे को देखने वाले लोगों ने बताया कि उसके कमरे में चारों ओर डरावनी आकृतियों व मुखौटों से संबंधित चित्र लगे थे, जिन्हें शायद गोलू ने उसने खुद बनाया था. बात सामने आयी है कि गोलू को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी. अक्सर वह अकेले में या फिर दोस्तों के साथ गेम खेलते दिखता था. गोलू के एक दोस्त ने बताया कि गोलू ने अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई की थी और वह पढ़ने में काफी अच्छा था. इस बार वह इंटर में नामांकन कराने वाला था. मंगलवार को ही वह गोलू से मिला था, सब कुछ सामान्य था. पता नहीं गोलू ने क्यों आत्महत्या कर ली. वर्ष 2021 में हो गयी थी गोलू के मां की मृत्यु मृतक के मामा नाना विजय महतो ने बताया कि हमलोग रेलवे काॅलोनी इशाकचक में रहते है. मेरी बेटी की 2021 में ही मौत हो गयी. दामाद ने दूसरी शादी की है. मंगलवार की रात नाती मेरे घर से खाना खा कर भीखनपुर गुमटी नंबर दो स्थित अपने घर गया था. बुधवार को दोपहर चार बजे हमलोगों को घटना के बारे में जानकारी मिली. मृतक के ननिहाल वालों का कहना है सोम की मृत्यु संदिग्ध हालत में हुई है. गोलू ठीक लड़का था, वह आत्महत्या क्यों करेगा. इधर इशाकचक पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का ही प्रतीत होता है. विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम से छानबीन करायी गयी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










