Bhagalpur News. इंजन में खराबी आने से गंगा में डेढ़ घंटे तक फंसी रही नाव, एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

गंगा में घंटों फंसी रहीं दो नाव.
भागलपुर से नवगछिया जा रही एक नाव बुधवार को गंगा में पुल के पिलर संख्या 18 के पास अचानक इंजन खराब होने के कारण बीच धारा में रुक गयी. सूचना मिलते ही पहले एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. फिर जगदीशपुर अंचलाधिकारी और आदपा प्रभारी भी मौके पर पहुंचे. हाईलेबल घाट से दूसरी नाव को लाया गया फिर टॉचन करके खराब इंजन वाले नाव को हाईलेबल की ओर रवाना किया गया. सभी यात्री सुरक्षित हाईलेबल घाट पहुंच गये थे. इंजन फेल हो जाने के बाद नाव पर सवाल यात्री भयभीत हो गये थे. करीब एक घंटे तक नाव गंगा नदी में फंसी रही. दूसरी तरफ हाईलेबल से भागलपर आ रही एक अन्य नाव भी गंगा की बीच धारा में फंस गयी. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम एहतिहातन मौके पर पहुंच गयी थी. नाविक दल के सदस्यों द्वारा वापस हाईलेबल जा कर कुछ सामान लाया गया फिर इंजन की मरम्मत कर यात्रियों को बरारी घाट पर पहुंचाया गया. इस क्रम में करीब डेढ़ घंटे तक बीच गंगा नदी में नाव फंसी रही. यात्रियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यही नाव सोमवार को भी बारिश के कारण गंगा नदी में दो घंटे से अधिक समय तक फंसी रही थी. यह बात भी सामने आयी है कि बुधवार को गंगा नदी में खराब हुई दोनों नावों में किसी का पंजीकरण नहीं हुआ है. ऐसे नावों द्वारा यात्रियों की ओवरलोडिंग भी की जा रही है तो दूसरी तरफ ऐसे नावों की कंडीशन भी ठीक नहीं है. लोगों ने बताया कि प्रशासन की नजर से बच कर चोरी छिपे चल रही ऐसे नावों से यात्रियों की जिंदगी खतरे में पड़ सकती है. दूसरी तरफ यात्रियों ने एसडीआरएफ टीम को धन्यवाद दिया है. लोगों ने कहा है कि नाव में किसी प्रकार की खराबी आते ही टीम महज दस से 15 मिनट में मौके पर पहुंच आती है और नाव को सुरक्षित निकालने की कवायद शुरू कर देती है. बुधवार को एसडीआरएफ टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर नीलू कर रहे थे. जबकि उनकी टीम में हवलदार संजू सुमन, हवलदार आशीष, हवलदार शेषनाग, सिपाही नाजिम अंसारी, सिपाही गोपाल कुमार, आपदा मित्र गोताखोर सन्नी महलदार, अमरजीत कुमार, मो आबीद शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










