bhagalpur news. पीरपैंती पावर प्लांट के रेलवे कॉरिडोर व सड़क निर्माण के लिए 300 किसानों की ली जायेगी जमीन

भागलपुर में प्रस्तावित पीरपैंती पावर प्लांट को रेल और सड़क नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है.
भागलपुर में प्रस्तावित पीरपैंती पावर प्लांट को रेल और सड़क नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है. परियोजना के लिए सात मौजा में 300 से अधिक रैयतों की भूमि ली जायेगी. भूमि अधिग्रहण से पहले नियमानुसार सामाजिक प्रभाव आकलन कराया जायेगा. इसकी तिथि निर्धारित कर ली गयी है. 11 मार्च को सार्वजनिक सुनवाई होगी, जिसमें प्रभावित रैयतों और स्थानीय लोगों की आपत्तियां व सुझाव दर्ज किये जायेंगे. जन सुनवाई पीरपैंती प्रखंड कार्यालय में दिन के 11 बजे से होगी. परियोजना के सामाजिक मूल्यांकन से संबंधित प्रारंभिक रिपोर्ट आद्री, पटना द्वारा जिला प्रशासन को सौंप दी गयी है. इस रिपोर्ट के आधार पर जनसुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. रेलवे कॉरिडोर सह सड़क मार्ग बनने से पावर प्लांट को ईंधन आपूर्ति और लॉजिस्टिक सुविधा में बड़ी सहूलियत मिलेगी. साथ ही क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है. 2400 मेगावाट क्षमता का पावर प्लांट होगा. जनसुनवाई की रिपोर्ट के बाद जारी होगी अधिसूचना जनसुनवाई की रिपोर्ट के बाद प्राप्त सुझावों और आपत्तियों को शामिल करते हुए अंतिम रिपोर्ट तैयार की जायेगी. इसके बाद रैयतों की फाइनल सूची बनायी जायेगी. फिर भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की जायेगी. इन मौजों की ली जायेगी जमीन खिदरपुर, इमामनगर, बसंतपुर, ककरघट, हरिणकोल, महेशराम व चौधरी बसंतपुर कॉरिडोर सह सड़क मार्ग से पावर प्लांट को ये होंगे फायदे 1. ईंधन आपूर्ति में सुगमता और निरंतरता 2. लागत में कमी और उत्पादन में स्थिरता 3. स्थानीय विकास और रोजगार 4. आपातकालीन स्थिति में विकल्प 5. पर्यावरणीय लाभ बटेश्वरस्थान टू कटरिया नयी रेल लाइन : सिर्फ दो मौजा में बचा सर्वे कार्य कहलगांव बटेश्वर स्थान से कटिरया के बीच गंगा नदी पर बनने वाली नयी रेल लाइन के लिए सर्व का कार्य जारी है. यह अब कुछ ही दिनों में पूरा होने जा रहा है. भूअर्जन विभाग के अनुसार सिर्फ अब दो मौजा में सर्वे कार्य शेष है, जो रंगरा प्रखंड का है. सर्वे कार्य जब पूरा हो जायेगा, तो रैयतों की सूची तैयार होगी और अधिसूचना जारी की जायेगी. इसमें स्पष्ट हो जायेगा कि कितने रैयतों की कितनी जमीन ली जानी है. बॉक्स मैटर पीरपैंती टू गोड्डा नयी रेल लाइन : 450 रैयतों की जमीन अधिग्रहण के लिए जारी होने लगा मुआवजा राशि पीरपैंती-गोड्डा नयी रेल लाइन के लिए 450 रैयतों की जमीन अधिग्रहण की गयी है. इसके लिए मुआवजा राशि का भुगतान किया जाने लगा है. अब तक में एक तिहाई रैयतों को भुगतान कर दिया गया है. भूअर्जन कार्यालय के अनुसार रैयतों की जमीन लेकर हस्तांतरित जल्द करना है. इसलिए भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लायी गयी है. अगर कोई भुगतान लेने में विलंब करेगा, तो मुआवजा राशि न्यायालय में संदर्भित कर दी जायेगी. पीरपैंती पावर प्लांट के रेलवे कॉरिडोर सह सड़क निर्माण के लिए सात मौजे के रैयतों की जमीन चिह्नित की गयी है. एसआइए के बाद रिपोर्ट तैयार होगी और फाइल रैयतों को लेकर अधिसूचना जारी की जायेगी. पीरपैंती- गोड्डा नयी रेल लाइन के लिए मुआवजा राशि का भुगतान किया जा रहा है. बटेश्वर स्थान-कटरिया रेल लाइन के लिए सर्वे का कार्य अब सिर्फ दो मौजा में बचा है. राकेश कुमार, जिला भूअर्जन पदाधिकारी भूअर्जन कार्यालय, भागलपुर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




