भागलपुर में मौत से हार गया मासूम, सड़क हादसा बना मुख्य वजह

Updated:
विज्ञापन
भागलपुर में मौत से हार गया मासूम, सड़क हादसा बना मुख्य वजह

Bhagalpur News : भागलपुर के कजरैली थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में घायल सात वर्षीय बालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में मातम का माहौल है.

विज्ञापन

भागलपुर से ऋषव कृष्णा की रिपोर्ट

Bhagalpur News : कजरैली थाना क्षेत्र के कुमरत गांव में सड़क पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आने से सात वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया था. घायल अवस्था में उसे तुरंत जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

ननिहाल कजरैली के कुमरत गांव में रहता था विशु

मृत बालक की पहचान घोघा थाना क्षेत्र के उदय रामपुर निवासी निरंजन कुमार सिंह के सात वर्षीय पुत्र विशु कुमार के रूप में हुई है. विशु अपनी ननिहाल कजरैली के कुमरत गांव में रह रहा था. उसकी मां नीलम देवी और छोटा भाई आजाद कुमार भी वहीं रहते थे, जबकि पिता कोलकाता में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं.

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

शनिवार दोपहर लगभग दो बजे विशु गांव के पास सड़क पार कर रहा था, तभी ऑटो (नंबर बीआर 10 पीसी 0958) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया.

चालक मौके से फरार, पुलिस ने वाहन जब्त किया

घटना के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. सूचना मिलने पर कजरैली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को जब्त कर लिया.

पढ़ाई में होनहार था विशु

परिजनों के अनुसार विशु पांचवीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई में काफी तेज था. वह अक्सर अपनी कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करता था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है.

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच जारी

मां नीलम देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे गांव में शोक की लहर है. दूसरी ओर कजरैली थाना पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जांच जारी है.

लापरवाही ने छीनी मासूम की जिंदगी

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़े कदम उठाने की मांग की है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन