गंगा-कोसी में फिर उफान, इस्माईलपुर में चेतावनी स्तर पार, राघोपुर में 40 सेमी बढ़ा गंगा का पानी

Updated:
विज्ञापन

गोपालपुर स्पर संख्या छह के निकट जलस्तर में वृद्धि के बादक पानी का दवाब | Prabhat Khabar Network

भागलपुर में गंगा और कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इस्माईलपुर में पानी चेतावनी स्तर के पार पहुंच गया है, प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है।

विज्ञापन

गोपालपुर (भागलपुर) : नवगछिया अनुमंडल में गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में बुधवार को एक बार फिर तेजी दर्ज की गयी. जल संसाधन विभाग की 19 अगस्त की सुबह छह बजे की रिपोर्ट के अनुसार इस्माईलपुर-बिंद टोली में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से 15 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है. वहीं राघोपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान जलस्तर में 40 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गयी है. मदरौनी और जेबी चोरहर में भी कोसी का पानी लगातार बढ़ रहा है.

इस्माईलपुर में चेतावनी स्तर से 15 सेमी ऊपर पानी

इस्माईलपुर-बिंद टोली के स्पर संख्या-7 पर गंगा का जलस्तर 30.75 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में यहां 22 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. चेतावनी स्तर 30.60 मीटर है, जबकि खतरे का स्तर 31.60 मीटर निर्धारित है. नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. हालांकि जल संसाधन विभाग ने तटबंध को सुरक्षित बताया है.

राघोपुर में 40 सेंटीमीटर की वृद्धि

काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बांध के समीप गंगा का जलस्तर 31.92 मीटर दर्ज किया गया. यहां 24 घंटे में 40 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. चेतावनी स्तर 32.68 मीटर और खतरे का स्तर 33.68 मीटर है. नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. विभाग के अनुसार तटबंध फिलहाल सुरक्षित है.

मदरौनी में 8 सेमी बढ़ा कोसी का जलस्तर

मदरौनी में कोसी नदी का जलस्तर 30.03 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में इसमें आठ सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. यहां चेतावनी स्तर 30.48 मीटर और खतरे का स्तर 31.48 मीटर है. नदी का पानी फिलहाल तटबंध के टो तक नहीं पहुंचा है. विभाग ने तटबंध को सुरक्षित बताया है.

जेबी चोरहर में चेतावनी स्तर से 17 सेमी नीचे पानी

जेबी चोरहर में कोसी का जलस्तर 30.60 मीटर दर्ज हुआ, जिसमें 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है. यहां चेतावनी स्तर 30.77 मीटर और खतरे का स्तर 31.77 मीटर है. बागजान जमींदारी बांध के कई स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के टो को छू रहा है. हालांकि विभाग के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है.

तटबंधों पर बढ़ायी गयी निगरानी

चारों प्रमुख स्थलों के आंकड़ों से गंगा और कोसी के जलस्तर में लगातार वृद्धि का संकेत मिल रहा है. इस्माईलपुर-बिंद टोली में पानी चेतावनी स्तर पार कर चुका है, जबकि जेबी चोरहर में यह चेतावनी स्तर से महज 17 सेंटीमीटर नीचे है. कई स्थानों पर नदी का पानी तटबंध के टो को छूने के कारण जल संसाधन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है.


विज्ञापन
Vipin Thakur

लेखक के बारे में

By Vipin Thakur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन