bhagalpur news. एबीवीपी व छात्र राजद के कार्यकर्ता पर दर्ज करायी प्राथमिकी

Published by : ATUL KUMAR Updated At : 28 Sep 2025 1:15 AM

विज्ञापन

टीएमबीयू प्रशासन ने घटना के दो दिन बाद विद्यार्थी परिषद व छात्र राजद के कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज करायी है

विज्ञापन

टीएमबीयू प्रशासन ने घटना के दो दिन बाद विद्यार्थी परिषद व छात्र राजद के कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गयी है. शनिवार को विवि के प्रॉक्टर प्रो एसडी झा ने विवि थाना में आवेदन दिया, जिसमें कहा कि 25 सितंबर को एबीवीपी के कुणाल पांडेय व हैप्पी आनंद भारद्वाज 15-20 की संख्या में बिना सूचना विवि पहुंचे. इसके बाद प्रशासनिक भवन में नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ करने लगे. ऐसे में सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है. कार्यालय के सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया. साथ ही विवि प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार के गेट को बंद कर दिया. सूत्रों के अनुसार विवि प्रशासन की तरफ से घटना के दिन यानी 25 सितंबर को विवि थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया था. जिसे पुलिस ने लौटा दिया था.

दोनों संगठनों के बीच जमकर चले थे लाठी-डंडे

प्राॅक्टर ने आवेदन में कहा कि इसी क्रम में छात्र राजद के लालू यादव के नेतृत्व में 10-15 कार्यकर्ता विवि परिसर पहुंचे. दोनों संगठनों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. मौके पर उपस्थित व्यक्ति, विद्यार्थी, कर्मचारी आदि डर से भागने लगे. आवेदन में कहा कि इस पूरे घटना क्रम से विवि का सरकारी कार्य बाधित रहा. कहा गया कि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 25 सितंबर की घटना का कारण 24 सितंबर को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में घटी घटना है. उस दिन एबीवीपी के छात्र आनंद कुमार एवं छात्र राजद के लालू यादव, प्रिंस कुमार, आशीष कुमार आदि के साथ झड़प हुई थी. इसके बाद छात्र राजद की तरफ से आनंद कुमार की पिटाई कर दी गयी थी. इसे लेकर दोनों पक्ष की तरफ से आवेदन दिया गया है.

दोनों संगठनों की हरकतों से विवि की छवि हुई धूमिल

प्रॉक्टर ने कहा कि दोनों संगठनों द्वारा ऐसी हरकतों से विवि की छवि धूमिल हुई है. साथ ही सरकारी संपत्ति को व्यापक रूप से नुकसान पहुंचाया गया है. यह कृत्य दुर्भाग्यपूर्ण और दंडनीय है. आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से पूछताछ करे. वीडियो फुटेज, समाचार पत्रों में छपी खबर के आधार पर घटनाक्रम की पुष्टि की जा सकती हैं. उधर, विवि थाना के थानेदार बलबीर विलक्षण ने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाला जायेगा. इससे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL KUMAR

लेखक के बारे में

By ATUL KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन