आरआरबी अभ्यर्थियों के लिए रेलवे चलाएगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, भागलपुर-किऊल के बीच भी विशेष सेवा
भागलपुर रेलवे स्टेशन
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है. टाटानगर-रामपुर बाज़ार, भागलपुर-किऊल और रांची-सबौर के बीच विशेष ट्रेनें चलेंगी, जिससे लाखों अभ्यर्थियों की यात्रा सुगम होगी. परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.
Exam Special Train: भागलपुर. रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) लेवल-1 कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और अतिरिक्त यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने विभिन्न मार्गों पर परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. इसके साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रशासनिक एवं परिचालन व्यवस्था भी की गयी है.
इन मार्गों पर चलेंगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
रेलवे द्वारा टाटानगर से रामपुर बाज़ार के बीच मालदा टाउन होकर विशेष ट्रेन चलाई जाएगी. इसके अलावा भागलपुर और किऊल के बीच दोनों दिशाओं में सभी स्टेशनों पर रुकने वाली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा. वहीं रांची और सबौर के बीच भी परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई जायेगी.
कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
टाटानगर-रामपुर बाज़ार स्पेशल ट्रेन पूर्व रेलवे क्षेत्र में डानकुनि, बर्द्धमान, बोलपुर शांतिनिकेतन, रामपुरहाट, पाकुड़, न्यू फरक्का और मालदा टाउन स्टेशनों पर रुकेगी. वहीं रांची-सबौर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर ठहराव देगी. इन ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी और शयनयान (स्लीपर) श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे.
3 से 21 अगस्त तक रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं
रेलवे ने बताया कि 3 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित आरआरबी लेवल-1 सीबीटी परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की निर्बाध यात्रा और परीक्षा संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें अथवा अतिरिक्त कोच लगाने की भी व्यवस्था रहेगी.
सुरक्षा और कंट्रोल रूम रहेंगे सक्रिय
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की विशेष योजना तैयार की है. रेलवे मुख्यालय तथा सभी मंडलीय मुख्यालयों में कार्मिक और सुरक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से 24×7 कंट्रोल रूम संचालित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
बिजली और इंटरनेट व्यवस्था पर रहेगा विशेष ध्यान
Exam Special Train: रेलवे के विद्युत तथा सिग्नल एवं दूरसंचार (एस एंड टी) विभाग के अधिकारी प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर बिजली बैकअप, विद्युत सुरक्षा, सर्वर कक्ष और इंटरनेट व्यवस्था का पूर्व निरीक्षण करेंगे. परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर तकनीकी कर्मियों की तैनाती रहेगी, ताकि डिजिटल परीक्षा संचालन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ललित किशोर मिश्र
ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










