Bhagalpur News : सबौर में ई-रिक्शा चालक की गोली मार कर हत्या

Published by : SANJIV KUMAR Updated At : 07 Jun 2026 10:21 PM

विज्ञापन

सबौर में ई-रिक्शा चालक की गोली मार कर हत्या

विज्ञापन

औद्योगिक थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी ई-रिक्शा चालक निराला यादव (55) की अज्ञात अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. रविवार सुबह तड़के 3.30 बजे निराला का शव इंजीनियरिंग कॉलेज रोड स्थित आर्य टोला के पास पड़ा मिला. ई-रिक्शा भी मौके से बरामद किया गया. निराला का पैर ई-रिक्शा पर था और सिर जमीन पर खून से लथपथ था, शव पट अवस्था में था. निराला यादव को पीठ की ओर से गोली मारी गयी है जो आगे छाती के पास से निकल गयी है. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और जीवित होने की संभावना देखते हुए उसे अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. निराला के पास मिली मोबाइल, ऑनर बुक, लाइसेंस के सहारे उसकी पहचान की गयी और परिजनों को सूचना दी गयी. जेएलएनएमसीएच मायागंज अस्पताल में बरारी कैंप थाने की पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है.

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, चार को उठाया

घटना के संदर्भ में निराला के पुत्र रोहित कुमार ने अपना बयान कलमबद्ध करवाया है. घटना स्थल और शव का परीक्षण विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम द्वारा किया गया है. जबकि सबौर थाना पुलिस घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. संदेह के आधार पर चार लोगों को पूछताछ के लिए उठाया गया है. सबौर थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही सभी अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

शनिवार शाम 5.30 बजे घर से निकले थे निराला यादव

परिजनों ने बताया कि निराला यादव शनिवार की शाम 5.30 बजे घर से टोटो लेकर निकले थे. रात्रि 12.30 बजे पत्नी ने जब निराला को फोन किया तो निराला ने बताया कि वह जल्द ही घर आ जायेगा. फिर 3.30 बजे पुलिस का फोन आया और बताया कि निराला सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है, उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. परिजनों ने बताया कि जब वे लोग अस्पताल पहुंचे तो निराला यादव की मृत्यु हो गयी थी.

घटना स्थल से मिले 20 और 50 के नोट, मोबाइल व सभी कागजात

परिजनों ने बताया कि निराला यादव शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और किसी के साथ झगड़ा नहीं था. लूट-पाट के दौरान हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि घटना स्थल पर टोटो का अगला चक्का फंसा हुआ पाया गया, जिससे यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि आरोपित टोटो लूट करने के फिराक में थे. लेकिन टोटो गड्ढे में फंस जाने के कारण अपराधी टोटो ले जाने में सफल नहीं हो सके. हालांकि स्थल से 20 और 50 रुपये का एक-एक नोट और चालक का मोबाइल भी बरामद किया गया है. ऑनार बुक, ड्रायविंग लाइसेंस व अन्य कागजात भी मिले हैं.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

निराला की पत्नी कविता देवी, बड़ा पुत्र रोहित कुमार, छोटा पुत्र राहुल कुमार, पुत्र सविका कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल है. निराला अपने परिवार का इकलौता कमाउ सदस्य था, जबकि पुत्री सविता कुमारी की शादी हो चुकी है. आस पास के स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.

विज्ञापन
SANJIV KUMAR

लेखक के बारे में

By SANJIV KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन