bhagalpur news. सिल्क सिटी में शांतिपूर्वक दशहरा मेला संपन्न
Published by : ATUL KUMAR Updated At : 04 Oct 2025 1:01 AM
सिल्क सिटी में विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की पूजा विधि-विधान से हुई
सिल्क सिटी में विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की पूजा विधि-विधान से हुई. बुधवार को नवमी पर कन्या पूजन व गुरुवार को दशमी पर कलश विसर्जन हुआ. इसके बाद श्रद्धालुओं ने जयंती धारण कर परिवार व समाज कल्याण की मंगलकामना की. छिटपुट घटनाओं को छोड़ सभी स्थानों पर शांतिपूर्वक दशहरा पर्व मनाया और शारदीय नवरात्र संपन्न हो गया. नवमी को शुरू हुई बारिश दशमी को भी रूक-रूक कर होती रही. इससे दशहरा मेला में आम श्रद्धालुओं के साथ दुकानदारों का मजा किरकिरा कर दिया. खासकर ठेला-खोमचा व मिठाई दुकानदारों को लाखों का नुकसान हुआ. दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने खुद कर्ज लेकर अपनी दुकान सजायी थी. कमायी नहीं हुई और उल्टे उनके अधिकतर तैयार सामान भी बर्बाद हो गये. ऐसे में दोहरा नुकसान सहना पड़ा. थोड़ी देर के लिए बारिश थमने का लोग इंतजार करते और मेला की ओर रुख कर जाते. दशमी पर देर शाम बारिश थमने पर लोगों ने मेला का लुत्फ उठाया. हालांकि, दिनभर लोग छाता व अन्य व्यवस्था या बारिश में भी पंडाल व मंदिर में पूजन-दर्शन के लिए आते रहे. शहर के युवक संघ मारवाड़ी पाठशाला परिसर, मुदीचक गढ़या, सत्कार क्लब कचहरी चौक, आदमपुर चौक, मदरीजा, जोगसर, लाजपत पार्क दीपनगर, हाउसिंग बोर्ड, हडियापट्टी, उर्दू बाजार, दुर्गा बाड़ी, कालीबाड़ी, कंपनीबाग, गुड़हट्टा चौक, हुसैनाबाद, अलीगंज, मोहदीनगर, मिरजानहाट, मानिकपुर, साहेबगंज, महाशय ड्योढ़ी, नाथनगर, मायागंज, बरारी रिफ्यूजी कॉलोनी आदि दुर्गा स्थान परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, लेकिन बारिश के कारण पिछले मेला से कम रही. कहीं गुरुवार को, तो कहीं शुक्रवार को हुआ विसर्जन बांग्ला विधान वाले पूजा स्थानों दुर्गाबाड़ी, कालीबाड़ी, सरकारबाड़ी व रिफ्यूजी कॉलोनी में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन गुरुवार को शोभायात्रा निकालकर भावुक मन से किया गया. इससे पहले यहां महिलाओं ने सिंदूर खेला. शुक्रवार को महासमिति अंतर्गत प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गयी और देर रात अधिकतर प्रतिमाओं का विसर्जन मायागंज मुसहरी घाट में बारी-बारी से कर दिया गया. मोहद्दीनगर दुर्गा स्थान की प्रतिमा को डांडिया नृत्य कर विसर्जन के लिए ले जाया गया. उनके आगे मिरजानहाट की प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली गयी. वहीं मानिकपुर में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन महादेव तालाब में कर दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










