Bhagalpur News. विक्रमशिला सेतु की मरम्मत की जिम्मेदारी अब पुल निर्माण निगम के पास, आइआइटी की टीम कर रही है जांच

विक्रमशिला सेतु की मरम्मत की जिम्मेदारी व पुल निर्माण निगम को.
-एक तरफ बीआरओ करेगा तात्कालिक बेली ब्रिज का निर्माण, दूसरी ओर स्थायी मरम्मत की तैयारी करेगा निगमक्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु की सुधि लेते हुए पथ निर्माण विभाग ने बड़ा निर्णय लिया है. सेतु के स्थायी दुरुस्तीकरण की जिम्मेदारी अब बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को सौंप दी गयी है. इस निर्णय के तहत एस्टीमेट बनाने, टेंडर प्रक्रिया और एजेंसी के चयन से लेकर मरम्मत तक का सारा कार्य अब पुल निर्माण निगम ही संभालेगा. एक तरफ तात्कालिक रूप से बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन की टीम बेली ब्रिज का निर्माण करेगी, वहीं दूसरी ओर स्थायी मरम्मत करने की तैयारी में पुल निर्माण निगम जुटेगा.
वर्तमान में आइआइटी की एक विशेषज्ञ टीम सेतु के नवगछिया छोर पर विभिन्न हिस्सों की तकनीकी जांच कर रही है. इस जांच रिपोर्ट के आधार पर न केवल टूटे हुए हिस्सों की मरम्मत होगी, बल्कि उन हिस्सों को भी ठीक किया जायेगा जहां मामूली गड़बड़ियां पायी जायेंगी. विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए सूचीबद्ध कंसल्टेंट एजेंसी की मदद ली जायेगी, ताकि काम जल्द शुरू हो सके.जांच में मिली हैं तकनीकी खामियां
अब तक की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, पिलर संख्या दो, तीन और चार के बेयरिंग पूरी तरह डैमेज हो चुके हैं. साथ ही स्लैब की स्थिति खराब है और एक्सपेंशन ज्वाइंट का गैप भी काफी बढ़ गया है. विशेषज्ञों की समेकित रिपोर्ट आने के बाद सेतु की अन्य खामियों का भी खुलासा होगा.विभागों के बीच कार्य का हुआ विभाजन
एनएच के मुख्य अभियंता संजय भारती ने स्पष्ट किया कि पुल निर्माण निगम अब सेतु के स्ट्रक्चरल हिस्से का मेंटेनेंस करेगा. वहीं, एनएच विभाग के पास केवल सेतु की सफाई और लाइटिंग से संबंधित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी रहेगी. बता दें कि विक्रमशिला सेतु की जिम्मेदारी पिछले कुछ वर्षों में कई बार बदली गयी है. पहले यह पथ निर्माण विभाग के पास थी, फिर पुल निर्माण निगम के विभिन्न प्रमंडलों के पास रही और तीन साल पहले इसे एनएच प्रमंडल को सौंपा गया था. हालिया हादसे के बाद एक बार फिर इसकी जिम्मेदारी वापस पुल निर्माण निगम को दी गयी है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By काली किंकर मिश्रा
काली किंकर मिश्रा प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से अधिक समय से व डिजिटल माध्यम में पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. अमर उजाला, दैनिक जागरण के बाद फिलहाल प्रभात खबर भागलपुर कार्यालय में कार्यरत हैं. दिल्ली, पंजाब, झारखंड में पत्रकारिता कर चुके हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










