ठनका का कहर: भागलपुर के पांच समेत सात की मौत, कई घायल, मवेशियों की भी गई जान

Edited by AJEET KUMAR
Updated:
विज्ञापन

आंधी और बारिश के बीच आसमान से गिरी बिजली ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल में शनिवार को ठनका गिरने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए और मवेशियों की भी जान चली गई.

विज्ञापन
भागलपुर से अजीत कुमार की रिपोर्ट

Bhagalpur News : शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई बारिश के दौरान वज्रपात ने कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया. पूर्व बिहार, कोसी और सीमांचल के विभिन्न जिलों में ठनका गिरने से सात लोगों की मौत हो गई. इनमें अकेले भागलपुर जिले के पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. कई जिलों में मवेशियों की भी मौत की सूचना है.

भागलपुर के कहलगांव अनुमंडल अंतर्गत शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के विक्रमशिला रेलवे स्टेशन के समीप रामपुर निवासी 60 वर्षीय मुनीलाल तांती की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई. वह ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जा रहे थे. वहीं गोपालपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में हरि मंडल के 25 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर लौट रहे थे, तभी ठनका गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

गोपालपुर के तिनटंगा करारी गांव की 25 वर्षीय हीना देवी, 16 वर्षीय किरण कुमारी तथा बाबू टोला कमलाकुंड गाछी टोला की 40 वर्षीय सरिता देवी वज्रपात की चपेट में आकर घायल हो गईं। इनमें हीना देवी और सरिता देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया है।

उधर, सबौर थाना क्षेत्र के प्रशस्तडीह गांव निवासी 60 वर्षीय दयाशंकर मिश्रा शिवालय पोखर के पास भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान ठनका गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घोघा थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी टोला निवासी 21 वर्षीय मिथिलेश कुमार भी दियारा क्षेत्र से भैंस चराकर लौटने के दौरान वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी भी जान चली गई.

कोसी-सीमांचल में भी हुई क्षति

सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिटानाबाद गांव में ठनका गिरने से 18 वर्षीय ज्योति कुमारी की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय लक्ष्मी कुमारी घायल हो गई. वहीं बांका जिले के धोरैया प्रखंड के धर्मगारा बहियार में मियांगड़िया गांव निवासी 16 वर्षीय मनीष कुमार की वज्रपात से मौत हो गई तथा पांच अन्य लोग घायल हो गए.

इसके अलावा सुपौल, मधेपुरा, किशनगंज और पूर्णिया जिलों में भी ठनका गिरने से कई मवेशियों की मौत हुई है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.

विज्ञापन
AJEET KUMAR

लेखक के बारे में

By AJEET KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन