ePaper

कोसी में नाव डूबी, पूर्णिया में शादी समारोह से लौट रहे आठ लोग लापता, नाव पर सवार 15 लोगों में सात सुरक्षित निकले

Updated at : 29 Apr 2018 8:58 PM (IST)
विज्ञापन
कोसी में नाव डूबी, पूर्णिया में शादी समारोह से लौट रहे आठ लोग लापता, नाव पर सवार 15 लोगों में सात सुरक्षित निकले

भागलपुर : नवगछिया थाने के नगरह रामनगर बिंद टोली घाट के पास कोसी नदी में रविवार को एक डेंगी (छोटी नाव) डूब गयी. उस पर सवार आठ लोग लापता हो गये. नावपर 15 लोग सवार थे. सात लोग सुरक्षित बाहर निकल गये हैं. लापता लोगों की ग्रामीण गोताखोर तलाश कर रहे हैं. देर रात तक […]

विज्ञापन

भागलपुर : नवगछिया थाने के नगरह रामनगर बिंद टोली घाट के पास कोसी नदी में रविवार को एक डेंगी (छोटी नाव) डूब गयी. उस पर सवार आठ लोग लापता हो गये. नावपर 15 लोग सवार थे. सात लोग सुरक्षित बाहर निकल गये हैं. लापता लोगों की ग्रामीण गोताखोर तलाश कर रहे हैं. देर रात तक तलाश जारी थी. सुरक्षित निकाले गये लोगों का नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में इलाज चल रहा है. इधर, सूचना देने के छह घंटे बाद भी एसडीआरएफ या एनडीआरएफ की टीम नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी आक्रोश था. सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस घाट पर पहुंची. नवगछिया एसपी निधि रानी, एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन व एसडीओ मुकेश कुमार देर शाम तक अनुमंडल अस्पताल में कैंप कर रहे थे.

कौन-कौन हैं लापता

लापता लोगों में नवगछिया थाने की बिंद टोली निवासी राजकुमार महतो के पुत्र लक्षमण महतो (22), वेदानंद महतो के पुत्र राजू कुमार (06) व पुत्री गुंजा कुमारी (09), बलराम महतो की दो पुत्री व एक पुत्र सोनी कुमारी (12), खुशबू कुमारी (09), निलेश कुमार (06), गोपालपुर थाना क्षेत्र के करारी तीनटंगा निवासी विद्यानंद महतो के पुत्र (08), मुन्ना महतो (08), मुंगेर जिले के फेकन महतो की पुत्री रीता कुमारी (10) शामिल हैं.

नाव पर क्षमता से अधिक लोग थे सवार

पूर्णिया जिले के रूपौली मोहनपुर के भौवा टोपरा बिंदटोली निवासी भिखारी महतो की 27 अप्रैल को मुंगेर में शादी थी. इसी शादी समारोह में एक ही परिवार के लोग और उनके सगे-संबंधी गये थे. शादी के बाद सभी नगरह रामनगर लौट रहे थे. नगरह पहुंचने के बाद कुछ लोगों को गोपालपुर और कुछ को मुंगेर जाना था. सुरक्षित बचे लोगों ने बताया कि डेंगी की क्षमता सात से आठ लोगों को बैठाने की थी, लेकिन उसपर 15 लोगों को बैठा लिया गया. बिंदटोली पहुंचने से 200 मीटर पहले डेंगी डूब गयी.

तेज हवा के कारण असंतुलित हो गयी डेंगी

हादसे के समय घाट पर मौजूद ग्रामीण ददन सिंह ने बताया कि तेज हवा के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गयी. नाव डूबने पर उसने शोर मचाया, तो आसपास के कुछ नाविक नाव लेकर पहुंचे. उन्होंने सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया. निकाले गये सभी लोगों की स्थिति सामान्य है.

कौन-कौन सुरक्षित निकले बाहर

सुरक्षित बाहर निकले लोगों में पूर्णिया जिले के रूपौली मोहनपुर के भौवा टोपरा बिंदटोली निवासी भिखारी महतो, नगरह बिंदटोली के अमृत कुमार, सीता देवी, विद्या देवी, अंकुश कुमार और भिखारी महतो की मुंगेर की दो-दो साली हैं.

रामनगर बिंदटोली घाट पर मची चीख पुकार

हादसे के बाद रामनगर बिंदटोली घाट पर चीख पुकार मच गयी. घाट पर नवगछिया थाने के एसआइ एके आजाद, नगरह के मुखिया भरतलाल पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. एसडीआरएफ या एनडीआरएफ की टीम के नहीं पहुंचने पर लोगों में आक्रोश था. ग्रामीण गोताखोर ही शवों की तलाश में जुटे हुए थे.

कहती हैं एसपी

नवगछिया की एसपी निधि रानी ने बताया कि आठ लोग लापता है. सात को सुरक्षित निकाल लिया गया है. डूबे हुए लोगों की तलाश जारी है. एसडीआरएफ व एनडीआरएफ टीम को सूचना दे दी गयी है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन