भागलपुर में खिड़की से कूदा या धक्का दिया गया? सुरखीकल में युवक की मौत के बाद महिला गिरफ्तार
सुरखीकल में युवक की संदिग्ध मौत
Bhagalpur News: भागलपुर में 10 साल पुराने रिश्ते, शराब, मारपीट और मौत. भागलपुर के सुरखीकल में युवक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
Bhagalpur News: भागलपुर के सुरखीकल इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. सीढ़ी घर की खिड़की से छलांग लगाने के बाद युवक की मौत हुई, लेकिन परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है. मामले में नया मोड़ तब आया जब बरारी पुलिस ने ताजा जांच के बाद आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया.
मृतक की पहचान सुरखीकल काली मंदिर निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सूरज एक परिचित परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहा था. घटना गुरुवार सुबह की बतायी जा रही है. साथ रहने वाली महिला का कहना है कि सूरज शराब पीने का आदी था और घटना के दिन भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा था.
खिड़की से छलांग या कुछ और, उठ रहे कई सवाल
महिला के मुताबिक उस समय उसकी बेटी स्नान कर रही थी और सूरज को कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया था. इसी दौरान वह सीढ़ी घर की खिड़की से कूद गया. मकान मालिक ने घटना देख इसकी जानकारी दी. नीचे पहुंचने तक सूरज की मौत हो चुकी थी.
हालांकि, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना से एक रात पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी. महिला के शरीर पर चोट के निशान भी देखे गए हैं. ऐसे में परिजन पूरे मामले को हत्या बता रहे हैं.
10-12 साल पुराने संबंध को लेकर परिजनों का बड़ा आरोप
मृतक के भाई विक्की ने आरोप लगाया है कि सूरज और महिला के बीच पिछले 10 से 12 वर्षों से संबंध थे. उनका कहना है कि सूरज अपनी कमाई का अधिकांश हिस्सा महिला को देता था और जब भी उसकी शादी की बात चलती थी, उसे तुड़वा दिया जाता था. मृतक की मां ने भी महिला और उसकी बेटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
Bhagalpur News: महिला बोली, परिवार के सदस्य की तरह रहता था सूरज
दूसरी ओर महिला ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उसका कहना है कि सूरज शराब पीने का आदी था और मना करने पर मारपीट करता था. महिला के अनुसार सूरज उनके परिवार के सदस्य की तरह रहता था और उसके साथ किसी तरह का अवैध संबंध नहीं था.
घटना की सूचना मिलने के बाद बरारी पुलिस मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया, जबकि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. ताजा अपडेट के अनुसार पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर नरकटियागंज में फूटा गुस्सा, कैंडल और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










