पश्चिम चंपारण में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में शराब बरामद, आठ गिरफ्तार
छपामरी के दौरान टीम के सदस्य
पश्चिम चंपारण में उत्पाद विभाग ने शराबबंदी कानून को सख्त करने के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, बीयर और शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई. अभियान में 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है.
Bettiah News: पश्चिम चंपारण में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब, विदेशी शराब, बीयर तथा शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर नष्ट की. अभियान के दौरान आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
ड्रोन और स्निफर डॉग की मदद से चला अभियान
उत्पाद अधीक्षक सीमा चौरसिया ने बताया कि चनपटिया और चिउटाहा थाना क्षेत्र के विभिन्न हॉटस्पॉट पर ड्रोन और स्निफर डॉग की मदद से विशेष अभियान चलाया गया. कार्रवाई के दौरान करीब 2,980 किलोग्राम जावा (किण्वित गुड़ का घोल) तथा 327 लीटर अवैध चुलाई शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
श्रीनगर और रामनगर में भारी मात्रा में शराब बरामद
श्रीनगर थाना क्षेत्र के सुलतानपुर के पास एक झोपड़ी से 90 लीटर देशी शराब बरामद की गई. वहीं रामनगर थाना क्षेत्र के पुलन्दपुर गांव के समीप एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से किंगफिशर ब्रांड की 456 लीटर बीयर जब्त की गई. हालांकि ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया.
विदेशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
पटजिरवा थाना क्षेत्र में एक बोलेरो से 8 पीएम और ऑफिसर चॉइस ब्रांड की कुल 125.82 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. इस मामले में वाहन चालक विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया. वहीं नौरंगिया थाना क्षेत्र के मदनपुर चेकपोस्ट पर दो मोटरसाइकिलों से 16.56 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जबकि दोनों चालक मौके से फरार हो गए.
आठ आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी
उत्पाद अधीक्षक सीमा चौरसिया ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है तथा सभी मामलों में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें:वाल्मीकिनगर गंडक बराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया, निचले इलाकों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










