वीटीआर से सटे संतपुर गांव के पास दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Updated:
विज्ञापन
जंगल में विचरण करता बाघ | Prabhat Khabar Network

जंगल में विचरण करता बाघ

वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व के पास संतपुर गांव के जंगल में बाघ के दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

विज्ञापन

Valmikinagar Tiger Reserve: वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे संतपुर गांव के पास जंगल में बाघ दिखाई देने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. बाघ के विचरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के कई गांवों के लोग भी सतर्क हो गए हैं. सूचना मिलते ही वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

ग्रामीणों के अनुसार, बाघ कुछ देर तक गांव से सटे जंगल क्षेत्र में घूमता रहा, जिससे खेतों में काम कर रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

खेतों से भागकर सुरक्षित जगह पहुंचे ग्रामीण

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय कई किसान खेतों में काम कर रहे थे, जबकि कुछ लोग मवेशी चरा रहे थे. जैसे ही उनकी नजर बाघ पर पड़ी, सभी अपनी सुरक्षा के लिए खेतों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए.

कुछ समय बाद बाघ वापस जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.

मोबाइल में कैद हुआ वीडियो, गांवों में बढ़ी चिंता

घटना के दौरान एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल फोन से बाघ का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो सामने आने के बाद संतपुर के साथ-साथ आसपास के कई गांवों में भी लोगों ने सतर्कता बढ़ा दी है. ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में बाघ और अन्य वन्यजीव आबादी वाले इलाकों के अधिक करीब दिखाई दे रहे हैं, जिससे खेती और पशुपालन करने वालों की चिंता बढ़ गई है.

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

वाल्मीकिनगर के रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि जंगल क्षेत्र में बाघ का दिखाई देना सामान्य बात है.

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार बाघ भोजन की तलाश या सामान्य विचरण के दौरान जंगल की सीमा तक पहुंचा होगा. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और पूरे इलाके में लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है.

लोगों के लिए जारी की गई एडवाइजरी

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं. बच्चों को जंगल के आसपास न भेजें और यदि कहीं बाघ दिखाई दे तो उसके पास जाने या भीड़ जुटाने की कोशिश न करें.

विभाग ने लोगों से किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील की है, ताकि समय पर कार्रवाई कर मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन