सांसद सुनील कुमार ने लोकसभा में उठाया बाल्मीकिनगर की सड़क और पुल परियोजनाओं का मुद्दा

Updated:
विज्ञापन

सांसद सुनील कुमार

सांसद सुनील कुमार ने लोकसभा में बाल्मीकिनगर क्षेत्र की सड़क और पुल परियोजनाओं में हो रही देरी का मुद्दा उठाया है. उन्होंने सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लंबित विकास कार्यों पर शीघ्र निर्णय की मांग की.

विज्ञापन

Bagaha News: बाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुनील कुमार ने लोकसभा में नियम 377 के तहत क्षेत्र की लंबित सड़क एवं पुल परियोजनाओं का मुद्दा उठाया. उन्होंने सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पहले स्वीकृति दी जाती है और बाद में विभिन्न कारणों का हवाला देकर रोक दिया जाता है. उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से हस्तक्षेप कर क्षेत्र के साथ न्याय सुनिश्चित कराने की मांग की.

 बगहा-जटहा पुल परियोजना का उठाया मुद्दा

सांसद ने सदन में कहा कि बगहा और गंडक पार उत्तर प्रदेश के जटहा घाट के सामने पुल सह सड़क निर्माण की योजना को लेकर पहले सरकार ने लोकसभा में डीपीआर तैयार किए जाने की जानकारी दी थी. बाद में ट्रैफिक स्टडी, अधिक लागत और निकट में पहले से पुल होने का हवाला देकर योजना को निरस्त कर दिया गया. उन्होंने कहा कि यदि ये कारण पहले से मौजूद थे तो योजना को स्वीकृति ही क्यों दी गई.

बेतिया-बगहा फोरलेन परियोजना में देरी पर जताई नाराजगी

सांसद सुनील कुमार ने बेतिया-बगहा फोरलेन परियोजना का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि पहले इस परियोजना के लिए एलाइनमेंट स्वीकृत कर डीपीआर तैयार करने हेतु एजेंसी नियुक्त की गई थी. अब मंत्रालय ने लिखित रूप से बताया है कि छपवा-बेतिया फोरलेन और गोरखपुर एक्सप्रेस-वे का कार्य पूरा होने तक इस दिशा में कोई नई योजना शुरू नहीं की जाएगी.

विकास कार्यों की उपेक्षा का लगाया आरोप

सांसद ने कहा कि लगातार टल रही सड़क और पुल परियोजनाओं के कारण बाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र के विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर सड़क संपर्क और पुल निर्माण की प्रतीक्षा कर रही है, लेकिन विभागीय स्तर पर निर्णय लंबित रहने से लोगों में निराशा बढ़ रही है.

लंबित परियोजनाओं पर शीघ्र निर्णय की मांग

लोकसभा में सांसद ने केंद्र सरकार से सभी लंबित सड़क एवं पुल परियोजनाओं पर शीघ्र निर्णय लेकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और आम लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.

यह भी पढ़ें: श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम, हलेश्वर स्थान पर बना अस्थायी थाना


विज्ञापन
Israel Ansari

लेखक के बारे में

By Israel Ansari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन