उत्तर बिहार की बाढ़ का स्थायी समाधान! पश्चिम चंपारण के युवक का प्रस्ताव PMO पहुंचा, अब होगी जांच

शिक्षाविद् एवं समाजसेवी सुमित कुमार
उत्तर बिहार में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक विस्तृत नीति प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेजा गया है. इस प्रस्ताव में AI आधारित बाढ़ पूर्वानुमान, फ्लड वाटर बैंक मिशन जैसे नवीन सुझाव शामिल हैं.
North Bihar Flood: पश्चिम चंपारण जिले के बरोहिया गांव निवासी शिक्षाविद् एवं समाजसेवी सुमित कुमार ने उत्तर बिहार में हर वर्ष आने वाली बाढ़, नदी कटाव, जलभराव और नदियों में बढ़ती गाद (सिल्टेशन) की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तैयार एक विस्तृत नीति प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को भेजा है. प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए संबंधित विभाग को परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिया है.
बाढ़ राहत नहीं, दीर्घकालिक समाधान पर जोर
सुमित कुमार द्वारा तैयार नीति प्रस्ताव का शीर्षक "From Flood Relief to Flood Resilience: A Policy Proposal for North Bihar and India–Nepal River Basin" है.
प्रस्ताव में हर वर्ष राहत कार्यों तक सीमित रहने के बजाय बाढ़ प्रबंधन के लिए दीर्घकालिक, वैज्ञानिक और तकनीक आधारित रणनीति अपनाने की आवश्यकता बताई गई है.
प्रस्ताव में दिए गए प्रमुख सुझाव
नीति प्रस्ताव में कई महत्वपूर्ण सुझाव शामिल किए गए हैं, जिनमें—
- एआई (AI) आधारित बाढ़ पूर्वानुमान प्रणाली
- फ्लड वाटर बैंक मिशन
- सिल्ट इकोनॉमी मिशन
- भारत-नेपाल संयुक्त जलाशय रणनीति
- जल संरक्षण और वैज्ञानिक जल प्रबंधन
- स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने की योजना
जैसे बिंदुओं को प्रमुखता से रखा गया है.
पश्चिम चंपारण को पायलट जिला बनाने का सुझाव
सुमित कुमार ने प्रस्ताव में सुझाव दिया है कि पश्चिम चंपारण को पायलट जिला बनाकर इस मॉडल को लागू किया जाए. यदि यह सफल होता है, तो इसे पूरे उत्तर बिहार में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है.
उनका कहना है कि उत्तर बिहार की बाढ़ केवल प्राकृतिक आपदा नहीं है, बल्कि प्रभावी जल प्रबंधन, वैज्ञानिक योजना और समन्वित प्रयासों से इसका स्थायी समाधान संभव है.
PMO ने संबंधित विभाग को भेजा प्रस्ताव
प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस प्रस्ताव को शिकायत संख्या PMOPG/E/2026/0112028 के तहत दर्ज किया है.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रस्ताव को सीनियर ज्वाइंट कमिश्नर (Flood Management Wing) मनोज कुमार के पास परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है.
जल संसाधनों को अवसर में बदलने की बात
सुमित कुमार का कहना है कि यदि सरकार बाढ़ राहत पर होने वाले खर्च के साथ-साथ बाढ़ रोकथाम, जल संरक्षण और गाद प्रबंधन पर भी समान गंभीरता से काम करे, तो लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार को केवल बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के रूप में नहीं, बल्कि जल संसाधनों से समृद्ध क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सकता है.
दीर्घकालिक सोच पर आधारित पहल
सुमित कुमार के अनुसार यह नीति प्रस्ताव केवल पश्चिम चंपारण या किसी एक जिले तक सीमित नहीं है. इसे पूरे उत्तर बिहार और भारत-नेपाल नदी बेसिन क्षेत्र की दीर्घकालिक चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
फिलहाल प्रस्ताव संबंधित विभाग के परीक्षण के लिए भेजा गया है. आगे की कार्रवाई विभागीय समीक्षा और निर्णय के आधार पर होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










