17 अगस्त को महावीरी झंडा जुलूस की तैयारी तेज, सुरक्षा और मेले को लेकर समिति ने लिए अहम फैसले

बैठक करते श्रद्धालु
नागपंचमी 2026 के लिए बिसहां गांव में महावीरी झंडा जुलूस और पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं. राम परिवार की भव्य झांकी और चंदेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में लगने वाला मेला इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र होगा.
Nag Panchami 2026: वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के बिसहां गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में आगामी 17 अगस्त (नागपंचमी) को आयोजित होने वाले महावीरी झंडा जुलूस और पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इसको लेकर महावीरी झंडा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की रूपरेखा तैयार की गई.
बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया.
पारंपरिक श्रद्धा के साथ निकलेगा जुलूस
समिति के अध्यक्ष सोनू कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिला मंत्री प्रेम कुमार ने किया.
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी महावीरी झंडा जुलूस पारंपरिक श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ निकाला जाएगा. समिति अध्यक्ष सोनू कुमार ने कहा कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र की आस्था का प्रतीक है और इसकी सफलता में सभी ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर रहेगा विशेष ध्यान
बैठक में तय किया गया कि जुलूस के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरीय नागरिकों और युवाओं को स्वयंसेवक के रूप में तैनात किया जाएगा.
समिति ने शांतिपूर्ण आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस से भी सहयोग लेने का निर्णय लिया.
राम परिवार की झांकी बनेगी मुख्य आकर्षण
बैठक में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी की भव्य झांकी निकालने पर सहमति बनी.
जिला मंत्री प्रेम कुमार ने बताया कि राम परिवार की झांकी वर्षों से इस आयोजन की पहचान रही है. मौसम अनुकूल रहने पर इस बार भी आकर्षक झांकियों और पारंपरिक महावीरी झंडों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी.
चंदेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में लगेगा मेला
समिति ने महावीरी झंडा मेले के आयोजन के लिए तीन आरडी पुल के समीप स्थित चंदेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर को उपयुक्त स्थल बताते हुए वहीं मेला लगाने का प्रस्ताव रखा.
साथ ही मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन से आवश्यक सहयोग लेने का भी निर्णय किया गया.
यूपी से आएंगे वाद्य कलाकार
हर वर्ष की तरह इस बार भी उत्तर प्रदेश से आने वाले वाद्य कलाकार अपनी पारंपरिक धुनों से जुलूस की शोभा बढ़ाएंगे.
श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी युवाओं को सौंपी गई है. आयोजन समिति ने विश्वास जताया कि इस वर्ष का महावीरी झंडा जुलूस धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपरा का भव्य उत्सव बनेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










