नहीं रहे चंपारण के पैथोलॉजी जगत के भीष्म पितामह सैयद दिलदार हुसैन, चिकित्सा जगत में शोक

सैयद दिलदार हुसैन फाइल फोटो
चंपारण के जाने-माने पैथोलॉजिस्ट और आदर्श मेदांता जांच घर के संस्थापक सैयद दिलदार हुसैन का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. उनके निधन से चिकित्सा जगत और शहर में गहरा शोक है. उन्होंने पैथोलॉजी क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं.
Syed Dildar Hussain Death: बेतिया के वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट और आदर्श मेदांता जांच घर के संस्थापक सैयद दिलदार हुसैन का गुरुवार देर शाम 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया. वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और हैदराबाद के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन की खबर से चिकित्सा जगत और शहर में शोक की लहर फैल गई.
सैयद दिलदार हुसैन को जिले के पैथोलॉजी क्षेत्र में अग्रणी योगदान के लिए सम्मान के साथ याद किया जाता है.
पैथोलॉजी क्षेत्र में लंबे समय तक दी सेवाएं
आदर्श मेदांता के वरिष्ठ कर्मी कौशर अली ने बताया कि वर्ष 1945 में जन्मे सैयद दिलदार हुसैन ने 1967 से 2004 तक तत्कालीन एमजेके अस्पताल में पैथोलॉजिस्ट के पद पर अपनी सेवाएं दीं.
सेवा के दौरान ही उन्होंने वर्ष 1988 में आदर्श जांच घर की स्थापना की. समय के साथ यह संस्थान आदर्श मेदांता लैब के नाम से पूरे चंपारण में पहचान बना चुका है.
चिकित्सा क्षेत्र में बनाई अलग पहचान
सैयद दिलदार हुसैन को जिले के पैथोलॉजी जगत का वरिष्ठ और सम्मानित चेहरा माना जाता था. चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और योगदान के कारण उन्हें लोग विशेष सम्मान देते थे.
उनके निधन से चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक और व्यावसायिक जगत में भी शोक व्यक्त किया जा रहा है.
शुक्रवार को होगी जनाजे की नमाज
परिजनों के अनुसार, हैदराबाद से पार्थिव शरीर बेतिया पहुंचने के बाद नया टोला स्थित शिया इमामबाड़ा में गुस्ल-ए-मय्यत की रस्म अदा की जाएगी.
इसके बाद बड़ी ईदगाह में नमाज-ए-ईशा के बाद जनाजे की नमाज अदा की जाएगी.
परिवार में छोड़ गए भरापूरा संसार
सैयद दिलदार हुसैन अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र इंजीनियर सैयद दिलशाद हुसैन और डॉ. दिलनवाज हुसैन सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके निधन पर चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक अगस्टीन
आलोक अगस्टीन ने वर्ष 2004 से पत्रकारिता में सक्रिय रहने के साथ पत्रकारिता व जनसंचार में माखनलाल से स्नातक तथा स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की हैं. नोएडा के साधना एकेडमी ऑफ मीडिया स्टडीज से फोटो एंड वीडियो जर्नलिज्म में डिप्लोमा के पश्चात 2015 में बेतिया प्रभात खबर से जुड़कर अबतक कार्य कर रहे हैं. इसके पूर्व बेतिया में ही हिन्दुस्तान के साथ साथ पटना के अनेक स्थानीय चैनलों में रिपोर्टर की भूमिका निभाई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










