भगवा चोला, दानपेटी और संसद में 'शॉर्ट प्ले', पप्पू यादव का अनोखा प्रदर्शन, राहुल गांधी ने भी दिया दान

संसद में पप्पू यादव, दान देते राहुल गांधी
Pappu Yadav: राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. भगवा चोला पहनकर और हाथ में दानपेटी लेकर पहुंचे पप्पू यादव ने प्रतीकात्मक 'शॉर्ट प्ले' किया, जिसमें राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद भी शामिल हुए.
Pappu Yadav: संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर वह भगवा चोला पहनकर और साधु के वेश में संसद भवन पहुंचे. उनके हाथ में एक दानपेटी भी थी, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
संसद परिसर में किया प्रतीकात्मक प्रदर्शन
पप्पू यादव संसद परिसर में बैठकर विरोध जताने लगे. इस दौरान उन्होंने एक प्रतीकात्मक 'शॉर्ट प्ले' भी किया. वह पुजारी की भूमिका में नजर आए और वहां मौजूद सांसदों से दान लेना शुरू किया. प्रदर्शन का मकसद राम मंदिर के चढ़ावे के मुद्दे को अलग अंदाज में उठाना था.
राहुल गांधी ने भी दानपेटी में डाले पैसे
प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी वहां पहुंचे. उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से पप्पू यादव को दान दिया. समाजवादी पार्टी के कई सांसदों ने भी दान देकर प्रदर्शन का समर्थन किया.
हालांकि, प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव दानपेटी में पैसे डालने के बजाय उन्हें अपने पास रखते दिखे. इसके बाद उन्होंने पैसे लेकर भागने का एक्टिंग किया. विपक्षी सांसदों ने भी इस नाटकीय प्रदर्शन में हिस्सा लिया और उन्हें पकड़ने का अभिनय किया. इस दौरान पप्पू यादव अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद के पैर छूते भी नजर आए.
क्या बोले पप्पू यादव?
पप्पू यादव ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालु भगवान राम के मंदिर में आस्था के साथ दान देते हैं. ऐसे में चढ़ावे से जुड़े किसी भी मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि मंदिरों के चढ़ावे का ऑडिट क्यों नहीं होता, आरटीआई क्यों लागू नहीं होती और एसआईटी से जांच क्यों नहीं कराई जाती.
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके.
विपक्ष ने भी उठाई जांच की मांग
प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए. सभी ने राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. विपक्ष का कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
क्या है पूरा विवाद?
पप्पू यादव और विपक्षी दलों का आरोप है कि अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चढ़ावे के प्रबंधन में अनियमितताएं हुई हैं. इसी मुद्दे को लेकर वे सरकार से जवाब और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.
पहले भी अलग अंदाज में जता चुके हैं विरोध
यह पहली बार नहीं है जब पप्पू यादव अलग अंदाज में संसद पहुंचे हों. 28 जुलाई को वह सिर पर पट्टी, हाथ में लाठी और घायल होने का प्रतीकात्मक रूप धारण कर संसद पहुंचे थे. उस समय उन्होंने NEET पेपर लीक मामले में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था.
Also Read: भरत तिवारी पर सबसे पहले गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, 24 जुलाई को ही CM सम्राट से मिला था परिवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अभिनंदन पांडेय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










