दुबौलिया चौक के पास दो बाइकों की टक्कर, बिजली मिस्त्री की मौत
सांकेतिक तस्वीर
बेतिया-चनपटिया मुख्य पथ पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई. यह दुर्घटना दो बाइकों के आमने-सामने टकराने से हुई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हुआ है. परिवार में मातम का माहौल है.
Bettiah Accident News: लौरिया-चनपटिया मुख्य पथ पर दुबौलिया चौक के समीप मंगलवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक बिजली मिस्त्री की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान बसवरिया पराउटोला पंचायत के बनकटवा निवासी शिवजी साह के 27 वर्षीय पुत्र कमलेश साह के रूप में हुई है. वहीं घायल प्रवेश राम का जीएमसीएच बेतिया में इलाज चल रहा है.
Lauriya News: घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार कमलेश साह बिजबनिया गांव में बिजली का कार्य पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. वहीं रामनगर थाना क्षेत्र के छवघरिया निवासी प्रवेश राम अपने रिश्तेदार के यहां से दुबौलिया जा रहे थे. दुबौलिया चौक के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
जीएमसीएच में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों और मुखिया अनिल राम ने डायल-112 पुलिस को सूचना दी. दोनों घायलों को लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया. वहां चिकित्सकों ने कमलेश साह को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रवेश राम का इलाज जारी है.
परिवार में मचा कोहराम
थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया गया है. कमलेश साह बिजली मिस्त्री के साथ-साथ शादी-विवाह में फोटोग्राफी का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में गर्भवती पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं. शव घर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
यह भी पढ़ें:बिजली के खंभे में उतरे करंट से टेम्पो चालक की मौत, बिजली विभाग पर उठे सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कौशिक उर्फ राजा मिश्रा
कौशिक कुमार उर्फ राजा मिश्रा ने वर्ष 2011 में पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड से प्रभात खबर के साथ पत्रकारिता की शुरुआत की. सामाजिक, राजनीतिक और विकास से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता से उठाना इनकी पहचान रही है. बंद पड़ी लौरिया चीनी मिल को चालू कराने तथा एचपीसीएल परियोजना जैसे जनहित के विषयों पर भी वें लगातार सक्रिय रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










