Bihar Flood News: गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर पूरी रात तटबंधों पर डटे रहे अभियंता

Updated:
विज्ञापन
गंडक नदी के जलस्तर पर प्रशासन की कड़ी नजर, तटबंधों की रातभर हुई निगरानी

तटबंध का निरीक्षण करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में भारी वर्षा की चेतावनी के बाद जल संसाधन विभाग हाई अलर्ट पर है. गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुख्य अभियंता और विशेषज्ञ अभियंताओं की टीम ने पूरी रात तटबंधों का निरीक्षण किया और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखी.

विज्ञापन

Madhubani News: नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में पोखरा, नारायणगढ़ सहित 14 स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी के बाद जल संसाधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. मुख्य अभियंता ई. प्रमोद कुमार एवं बाढ़ विशेषज्ञ ई. अब्दुल हमीद ने पीपी तटबंध का सघन निरीक्षण कर अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए.

पूरी रात तटबंधों पर डटे रहे अधिकारी

मुख्य अभियंता के निर्देश पर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल संख्या-2 के कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार, सहायक अभियंता प्रिंस कुमार, रवि कुमार ठाकुराई तथा पंकज कुमार ने गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पूरी रात तटबंधों की निगरानी की.

कार्यपालक अभियंता ने दुलारी रिटायर लाइन बांध, 16.10 किमी और 17.10 किमी स्थित रंगललही के अतिसंवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया तथा वहीं रात्रि विश्राम कर हालात पर नजर बनाए रखी.

चंद्रपुर और अन्य क्षेत्रों में भी चला निगरानी अभियान

अधीक्षण अभियंता धनंजय कुमार, कार्यपालक अभियंता विजय कुमार पाल तथा सहायक अभियंता इन्द्रदेव सिंह ने चंद्रपुर क्षेत्र में रातभर कैंप कर संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया. वहीं जीएच प्रभाग में सहायक अभियंता आर्यन कुमार अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे.

उधर चंपारण तटबंध पर कार्यपालक अभियंता नेमीशरण, अधीक्षण अभियंता मोहम्मद जिलानी, सहायक अभियंता विकास कुमार सहित अन्य अभियंताओं और जेई की टीम ने भी पूरी रात निगरानी की.

गंडक नदी के जलस्तर में आई कमी

जल संसाधन विभाग के अनुसार, वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से अधिकतम 2.34 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था. हालांकि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में वर्षा कम होने के बाद गंडक नदी के जलस्तर में गिरावट शुरू हो गई है. बुधवार शाम चार बजे बैराज से 1.63 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया.

विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी तटबंध पर दबाव या कटाव की स्थिति नहीं है. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी अधिकारी सतर्क हैं.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन