जनसहयोग शिविर के आवेदनों में लापरवाही, 10 सीओ पर कार्रवाई की तैयारी; डीएम ने मांगा जवाब

प्रतीकात्मक तस्वीर
बेतिया में जनसहयोग शिविर के आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही सामने आई है. जिला प्रशासन ने 10 अंचलाधिकारियों से जवाब मांगा है और कार्रवाई की चेतावनी दी है. निर्धारित समय में आवेदनों का निपटारा न होने पर अधिकारी नपेंगे.
Bettiah Jan Sahyog Camp: जिले में आयोजित चौथे जनसहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन में लापरवाही सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर 10 अंचलाधिकारियों (सीओ) से स्पष्टीकरण तलब किया गया है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या विभागीय निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा.
इन अंचलों के सीओ से मांगा गया जवाब
जिन अंचलों के अंचलाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उनमें शामिल हैं—
- चनपटिया
- भितहां
- बेतिया
- गौनाहा
- योगापट्टी
- लौरिया
- मधुबनी
- रामनगर
- सिकटा
- बगहा-दो
समयसीमा के भीतर नहीं निपटे आवेदन
जिला प्रशासन के अनुसार, जनसहयोग शिविर के दौरान पोर्टल पर अपलोड किए गए आवेदनों का 15 से 20 दिनों के निर्धारित समय के भीतर निष्पादन नहीं किया गया.
स्पष्टीकरण पत्र में कहा गया है कि शिविर के दिन ही सभी आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का स्पष्ट निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद आवेदनों को लंबित रखना कर्तव्य के प्रति उदासीनता और विभागीय अनुशासनहीनता को दर्शाता है.
किस अंचल में कितने आवेदन लंबित
| अंचल | लंबित आवेदन |
| चनपटिया | 14 |
| लौरिया | 7 |
| बेतिया | 3 |
| योगापट्टी | 3 |
| मधुबनी | 3 |
| बगहा-दो | 3 |
| भितहां | 2 |
| गौनाहा | 2 |
| रामनगर | 1 |
| सिकटा | 1 |
डीएम ने दी कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी है कि भविष्य में जनसहयोग शिविर से जुड़े आवेदनों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
प्रशासन का कहना है कि लंबित मामलों में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










