बेतिया के सरकारी स्कूलों में बनेगी संगीत टीम, 15 अगस्त तक सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी शुरू

प्रतीकात्मक तस्वीर
बेतिया के सरकारी विद्यालयों में संगीत शिक्षा को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बैठक हुई. अब हर स्कूल में छात्र-छात्राओं के दो-दो संगीत समूह बनेंगे और 15 अगस्त तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे.
Musical Instruments in Schools: बेतिया में सरकारी विद्यालयों में संगीत शिक्षा को मजबूत करने और उपलब्ध वाद्ययंत्रों के बेहतर उपयोग को लेकर शुक्रवार को पीएम श्री विपिन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में संगीत शिक्षकों के प्रशिक्षण, वाद्ययंत्रों के रखरखाव और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई अहम फैसले लिए गए.
बैठक में समग्र शिक्षा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए संगीत उपकरणों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया.
हर स्कूल में बनेंगे दो संगीत समूह
बैठक में सभी प्रारंभिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों और सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) में छात्र एवं छात्राओं के दो-दो संगीत समूह गठित करने का निर्देश दिया गया.
इन समूहों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला उत्सव और अन्य शैक्षणिक आयोजनों में भाग लेने के लिए तैयार किया जाएगा.
5 अगस्त तक तैयार होगा प्रशिक्षण मॉड्यूल
वाद्ययंत्रों के बेहतर संचालन और प्रशिक्षण के लिए जिला स्तर पर 6 से 7 संगीत शिक्षकों का एक विशेष समूह बनाया गया है.
यह टीम 5 अगस्त तक दो दिवसीय प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करेगी. इसके बाद चरणबद्ध तरीके से सीआरसी और प्रखंड स्तर पर संबंधित शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा.
शिक्षा विभाग ने 15 अगस्त तक विद्यालयों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य भी तय किया है.
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी होंगे नोडल अधिकारी
पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है.
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण और अनुश्रवण के माध्यम से विद्यालयों में संगीत गतिविधियों को नियमित और व्यवस्थित बनाया जाएगा.
हजारों विद्यालयों को मिले हैं वाद्ययंत्र और बैंड उपकरण
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार ने बताया कि जिले के 2,372 प्रारंभिक विद्यालयों, 336 माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा 18 प्रखंडों के सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) को निर्धारित संख्या में वाद्ययंत्र, बैंड उपकरण और बैंड टीम के लिए ड्रेस, जूते, मोजे एवं हैट उपलब्ध कराए गए हैं.
सुरक्षित रखरखाव की होगी जिम्मेदारी
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों में उपलब्ध वाद्ययंत्रों और बैंड उपकरणों के सुरक्षित रखरखाव तथा छात्रों द्वारा उनके नियमित उपयोग के लिए नोडल शिक्षक या संगीत शिक्षक नामित किए जाएंगे.
शिक्षा विभाग का उद्देश्य विद्यालयों में संगीत शिक्षा को बढ़ावा देना और छात्रों की सांस्कृतिक प्रतिभा को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










