वीटीआर में बाघ का आतंक, 24 घंटे में दो की मौत, ग्रामीणों में दहशत

रोते बिलखते परिजन
पश्चिम चंपारण में बाघ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है. दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान जा चुकी है.
Tiger Attack West Champaran: पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे इलाकों में बाघ का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक बुजुर्ग की मौत हो गई. लगातार हुई इन घटनाओं के बाद जंगल से सटे गांवों में दहशत फैल गई है. लोग खेतों और जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं.
वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की है.
गन्ने के खेत में छिपे बाघ ने महिला पर किया हमला
पहली घटना नौरंगिया थाना क्षेत्र के मिश्ररौलिया रेता गांव की है. यहां वार्ड संख्या-13 निवासी रामायण साहनी की 45 वर्षीय पत्नी उमरावती देवी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे यूपी-बिहार सीमा से सटे मदनपुर वन क्षेत्र के पास अपने धान के खेत में सोहनी करने गई थीं.
इसी दौरान गन्ने के खेत में पहले से छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया. हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और नौरंगिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी.
वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
मदनपुर के रेंजर नसीम अहमद अंसारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावर बाघ की ट्रैकिंग की जा रही है.
उन्होंने आसपास के गांवों के लोगों से अपील की कि वे अकेले खेतों या जंगल की ओर नहीं जाएं और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें.
इलाज के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम
दूसरी घटना वाल्मीकिनगर के हाथीमल खंता जंगल से सटे इलाके की है. यहां गुरुवार को मवेशी चरा रहे 60 वर्षीय अकलू यादव पर बाघ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था.
उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया, लेकिन शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
हमलावर बाघ भी मिला मृत
अकलू यादव पर हमले के बाद वन विभाग ने सर्च अभियान चलाया. अभियान के दौरान हमलावर बाघ घटनास्थल से करीब 25 मीटर दूर मृत अवस्था में मिला.
वन अधिकारियों के अनुसार, बाघ काफी बूढ़ा और कमजोर था. प्रारंभिक जांच में उसकी मौत का कारण अधिक उम्र और खराब स्वास्थ्य माना जा रहा है. बाघ के शव का पोस्टमार्टम कर आवश्यक नमूने जांच के लिए बरेली भेजे गए हैं.
बढ़ी चिंता, ग्रामीणों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
लगातार दो जानलेवा घटनाओं के बाद वीटीआर से सटे गांवों में भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि अब खेतों में काम करना और मवेशी चराने जाना भी जोखिम भरा हो गया है.
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगल से सटे क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी करने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है.
फिलहाल क्या कर रहा है वन विभाग?
वन विभाग ने प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. महिला की मौत वाले मामले में बाघ की तलाश जारी है, जबकि अकलू यादव पर हमला करने वाला बाघ मृत मिलने के बाद उसके शव की जांच कराई जा रही है. विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










