9 बजे गेट बंद हुआ, फिर पहुंचे दर्जनों अभ्यर्थी... जंजीर तोड़कर परीक्षा केंद्र में घुसने से मची अफरातफरी

परीक्षा केंद्र के बाहर निराश खड़े विलंब से पहुंच परीक्षार्थी
बेतिया में डीएलएड फेस-टू-फेस परीक्षा के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब निर्धारित समय के बाद पहुंचे दर्जनों अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र का गेट खुलवाने की कोशिश की. गेट न खुलने पर कुछ अभ्यर्थियों ने जंजीर तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया. विद्यालय प्रशासन ने सभी को बाहर निकाल दिया.
Bettiah News: शहर के विपिन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित डीएलएड फेस-टू-फेस परीक्षा के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब निर्धारित समय के बाद पहुंचे दर्जनों अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र का गेट खुलवाने की कोशिश की. गेट नहीं खुलने पर कुछ अभ्यर्थियों ने जंजीर तोड़कर केंद्र के अंदर प्रवेश कर लिया.
हालांकि बाद में विद्यालय प्रशासन ने सभी देर से पहुंचे अभ्यर्थियों को केंद्र से बाहर निकाल दिया.
सुबह 9 बजे के बाद बंद हो गया था प्रवेश
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई थी. पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे तक ही प्रवेश दिया जाना था.
परीक्षार्थियों की जांच के बाद समय पूरा होते ही केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया गया. इसके कुछ देर बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचे और गेट खोलने की मांग करने लगे.
जंजीर तोड़कर अंदर पहुंचे, मची अफरातफरी
गेट नहीं खुलने पर कुछ अभ्यर्थियों ने गेट की जंजीर तोड़ दी और दौड़ते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश कर गए. अचानक हुई इस घटना से परीक्षा केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई.
विद्यालय प्रशासन ने पूरी घटना की रिकॉर्डिंग की और एक-एक कर सभी देर से पहुंचे अभ्यर्थियों को केंद्र से बाहर कर दिया. उस समय बेतिया के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी भी परीक्षा केंद्र पर मौजूद थे.
दूसरी पाली में भी कई अभ्यर्थियों की छूटी परीक्षा
दूसरी पाली में भी आधा दर्जन से अधिक अभ्यर्थी निर्धारित समय के बाद पहुंचे, जिसके कारण उन्हें परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिली.
केंद्र अधीक्षक ने क्या कहा?
केंद्र अधीक्षक ने कहा कि परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड पर प्रवेश का समय स्पष्ट रूप से अंकित था. परीक्षा नियमों के अनुसार निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा सकता.
उन्होंने बताया कि दोनों पालियों को मिलाकर 500 से अधिक अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी और सभी के लिए नियमों का समान रूप से पालन कराया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










