गोभक्तों और संत समाज ने उठाई मांग, देशभर में गोवंश संरक्षण के लिए बने एक समान कानून

समाहरनालय पर प्रदर्शन करते गो सम्मान अभियान के सदस्य | Prabhat Khabar Network
गोभक्तों, संत समाज और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा. उन्होंने देशभर में गोवंश की सुरक्षा, संरक्षण और सम्मान के लिए प्रभावी एवं सख्त कानून बनाने की मांग की है.
Gau Samman Abhiyan: गो सम्मान अभियान के बैनर तले सोमवार को गोभक्तों, संत समाज और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन किया. इसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपकर पूरे देश में गोवंश की सुरक्षा, संरक्षण और सम्मान के लिए प्रभावी एवं सख्त कानून बनाने की मांग की.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गोवंश संरक्षण को लेकर देशभर में एक समान नीति लागू की जानी चाहिए.
मांगपत्र में उठाई गईं कई प्रमुख मांगें
मांगपत्र में कहा गया कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोवंश का महत्वपूर्ण स्थान है. इसलिए पूरे देश में गोहत्या पर एक समान सख्त कानून लागू किया जाए.
इसके अलावा गोहत्या और गो तस्करी को संगठित एवं गैर-जमानती अपराध घोषित करने, दोषियों के लिए कठोर दंड का प्रावधान करने और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई.
कृषि, गोशाला और ट्रॉमा सेंटर की भी मांग
प्रदर्शनकारियों ने पंचगव्य आधारित कृषि, जैविक खाद और औषधि को बढ़ावा देने की भी मांग रखी.
साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत और जिला स्तर पर गोशाला की स्थापना, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर घायल गोवंश के उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर बनाने तथा विद्यालयों के पाठ्यक्रम में गो-विज्ञान शामिल करने का भी आग्रह किया गया.
प्रधानमंत्री तक मांग पहुंचाने का अनुरोध
मांगपत्र पर अभियान के राष्ट्रीय संयोजक श्यामाकांत मिश्र, राजीव रंजन चौबे, संजय द्विवेदी, शशिभूषण पाण्डेय सहित अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं.
प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मांगपत्र केंद्र सरकार तक पहुंचाने का अनुरोध किया. इस दौरान सुधीर कांत शुक्ला, प्रभुनाथ चौरसिया, वीरेंद्र चौरसिया, संजय मिश्र, रमन गुप्ता और नीरज सोनी समेत कई लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










