चनपटिया में सफाईकर्मियों की हड़ताल, शहर में लगा कचरे का अंबार

Updated:
विज्ञापन
चनपटिया सफाईकर्मी हड़ताल: शहर में फैला कचरा, बढ़ी परेशानी

चनपटिया में सफाईकर्मियों की हड़ताल, शहर में लगा कचरे का अंबार

चनपटिया नगर पंचायत में सफाईकर्मियों ने वेतन और सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है. शहर में कचरे का ढेर लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जानें उनकी मांगें और आगे क्या हो सकता है.

विज्ञापन

Chanpatia News: नगर पंचायत चनपटिया में शनिवार को सफाईकर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी. सफाईकर्मियों ने बस स्टैंड और नगर पंचायत कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया. हड़ताल का असर पूरे शहर में साफ दिखाई दिया. कचरे का उठाव नहीं होने से बाजारों, सड़कों और मोहल्लों में जगह-जगह कचरे का ढेर लग गया, जिससे लोगों को दुर्गंध और गंदगी की परेशानी झेलनी पड़ी.

बस स्टैंड और नगर पंचायत कार्यालय के सामने प्रदर्शन

प्रदर्शन में दीपक राउत, अजय राम, शंकर राउत, शम्भु राउत, महेश राउत, कृष्णा राउत, संतोष राउत, महेंद्र राउत, प्रकाश राउत, मंगल राउत, प्रदीप राम, उमरावती देवी, बहारन राउत, भुटन राम, धुरेन्द्र राम, निर्मल राम, मु. आंधी, सुग्गी देवी सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी शामिल हुए. सभी ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.

वेतन और सुविधाओं को लेकर जताई नाराजगी

सफाईकर्मियों का कहना है कि वर्षों से नगर की सफाई करने के बावजूद उनकी मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है. उन्हें झाड़ू खरीदने के लिए अलग से राशि नहीं दी जाती. ड्रेस, बरसाती, दस्ताने और अन्य सुरक्षा सामग्री भी उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे बारिश और खराब मौसम में काम करना मुश्किल हो जाता है.

वेतन बढ़ाने के वादे पर भी उठाए सवाल

सफाईकर्मियों ने आरोप लगाया कि हाल ही में नगर पंचायत की बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर, स्वच्छता पदाधिकारी और पार्षदों ने डेढ़ गुना वेतन बढ़ाने की बात कही थी. लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि केवल 436 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी और इसी राशि से पीएफ एवं ईएसआईसी की 12 प्रतिशत कटौती भी की जाएगी. इससे कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई है.

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल

प्रदर्शनकारी सफाईकर्मियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. उधर, नगर पंचायत की स्वच्छता पदाधिकारी निशा कुमारी ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार ही भुगतान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द ही सफाई कार्य सामान्य कराया जाएगा और शहर में जमा कचरे का उठाव कराया जाएगा.


विज्ञापन
Birendra Kumar

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन