चनपटिया में खुला कांग्रेस का स्थायी कार्यालय, विधायक बोले- जनता से सीधा संवाद रहेगा जारी
कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन करते विधायक अभिषेक रंजन
चनपटिया कांग्रेस को अब एक स्थायी कार्यालय मिल गया है, जिसका उद्घाटन विधायक अभिषेक रंजन ने किया. यह नवनिर्मित कार्यालय कांग्रेस संगठन को मजबूत करेगा और आम जनता को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक मंच प्रदान करेगा. विधायक अभिषेक रंजन ने घोषणा की है कि वे प्रतिदिन दो घंटे जनता की समस्याओं को सुनने के लिए कार्यालय में मौजूद रहेंगे.
Bettiah News: चनपटिया में लंबे समय से कांग्रेस के स्थायी कार्यालय की कमी अब दूर हो गई है. पहले से उपलब्ध जमीन पर नवनिर्मित कांग्रेस कार्यालय का मंगलवार को विधायक अभिषेक रंजन ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना के साथ विधिवत उद्घाटन किया. कार्यालय का निर्माण विधायक के पिता ओम प्रकाश प्रसाद ने कराया है. स्थायी कार्यालय मिलने से कांग्रेस संगठन की गतिविधियों को गति मिलने के साथ आम लोगों को अपनी समस्याएं और सुझाव रखने के लिए स्थायी मंच भी उपलब्ध होगा.
चनपटिया कांग्रेस को मिला स्थायी कार्यालय
नवनिर्मित कार्यालय के साथ चनपटिया कांग्रेस संगठन को पहली बार अपना स्थायी कार्यालय मिला है. विधायक अभिषेक रंजन ने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कार्यालय के माध्यम से संगठन को मजबूत करने के साथ क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा.
रोज दो घंटे जनता से मिलेंगे विधायक
विधायक अभिषेक रंजन ने घोषणा की कि प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वह स्वयं कांग्रेस कार्यालय में बैठेंगे. इस दौरान क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे.
उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है और कांग्रेस कार्यालय इसी संवाद का स्थायी माध्यम बनेगा.
संगठनात्मक गतिविधियों को मिलेगी गति
विधायक ने कहा कि नए कार्यालय में आने वाले दिनों में नियमित संगठनात्मक बैठकें और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इससे कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में मदद मिलेगी.
पिता ओम प्रकाश प्रसाद का जताया आभार
अभिषेक रंजन ने कार्यालय निर्माण के लिए अपने पिता ओम प्रकाश प्रसाद के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि स्थायी कार्यालय चनपटिया कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा तथा कार्यकर्ताओं और आम लोगों के लिए संवाद का केंद्र बनेगा.
बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रमेश मिश्रा, युवा जिलाध्यक्ष शिवकुमार पुजारी, नेहाल अहमद, सुनील कुमार, मकबूल, युवा विधानसभा अध्यक्ष उदय कुमार, अजीत कुशवाहा, रंजन कुमार, विकास दुबे, आनंद चौबे, विनोद पांडेय, शत्रुघ्न सिंह सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: हाफ डे को लेकर जिलों में अलग-अलग आदेश पर रोक, शिक्षा विभाग ने दिया सख्त निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









