Bettiah News: डीएम तरनजोत सिंह ने की अहम बैठक, विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, साइबर मंगलवार और संत रविदास जयंती की तैयारियों की समीक्षा
बैठक करते जिलाधिकारी
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, 'साइबर मंगलवार' जागरूकता अभियान और संत रविदास जी की 650वीं जयंती समारोह की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की. उन्होंने संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने और व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया.
Bettiah News: जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, 'साइबर मंगलवार' जागरूकता अभियान एवं श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीएम ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने और सभी आयोजनों का जन-जन तक व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का कड़ा निर्देश दिया.
'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' से दूर होंगी छात्रों की समस्याएं
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की प्रगति समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को मिल रही ऑनलाइन सेवाओं और सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक कठिनाइयों और छात्रावास से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से यह पोर्टल प्रारंभ किया गया है. डीएम ने निर्देश दिया कि विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित होने वाले 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' की तैयारियां पूरी तत्परता से की जाएं, ताकि अधिक से अधिक छात्र लाभान्वित हो सकें.
'साइबर मंगलवार' के तहत स्कूलों और कॉलेजों में चलेगा अभियान
जिले में ऑनलाइन ठगी और डिजिटल फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे 'साइबर मंगलवार' अभियान की भी समीक्षा की गई.
डीएम ने कहा कि डिजिटल लेन-देन के दौर में साइबर सुरक्षा जागरूकता अत्यंत आवश्यक है. लोगों को फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, अनधिकृत ऐप, और ओटीपी या बैंकिंग से जुड़े गोपनीय पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने के प्रति जागरूक किया जाए. उन्होंने विद्यालयों, कॉलेजों, सरकारी दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सत्र आयोजित करने का आदेश दिया.
श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती की भव्य तैयारी
बैठक में श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई.
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जयंती समारोहों में समाज के सभी वर्गों और अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए. सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रमों का सफल संचालन करें.
बैठक में जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे.
बैठक में उप विकास आयुक्त (DDC) काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री और विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे.
यह भी पढ़ें: मीटर को किया बाईपास, बिजली चोरी करते पकड़े गए चार लोग; विभाग ने दर्ज कराया केस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









