पश्चिम चम्पारण में भीषण गर्मी का असर: नर्सरी से कक्षा 5 तक के स्कूल 24 जून तक बंद

Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

डीएम तरनजोत सिंह

पश्चिम चम्पारण में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने नर्सरी से कक्षा 5 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर 24 जून तक रोक लगा दी है. वहीं कक्षा 6 और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 11 बजे तक ही संचालित होंगी.

विज्ञापन

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

Bettiah School Closed: पश्चिम चम्पारण जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है. जिला दंडाधिकारी तरनजोत सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा-163 के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा कोचिंग संस्थानों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं.

कक्षा 5 तक की पढ़ाई पर तीन दिनों का प्रतिबंध

जारी आदेश के अनुसार 22 जून से 24 जून 2026 तक नर्सरी से कक्षा 5 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी. इस अवधि में छोटे बच्चों के लिए किसी भी विद्यालय या शिक्षण संस्थान का संचालन नहीं किया जाएगा.

जिला प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों को भीषण गर्मी, लू और गर्मी जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया है.

यह भी पढ़ें: गर्मी की छुट्टियों के बाद भी 30 जून तक मॉर्निंग स्कूल, शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला

कक्षा 6 से ऊपर की कक्षाएं सुबह 11 बजे तक ही चलेंगी

डीएम के आदेश के अनुसार कक्षा 6 एवं उससे ऊपर की सभी कक्षाओं का संचालन केवल सुबह 6:30 बजे से पूर्वाह्न 11:00 बजे तक ही किया जा सकेगा. इसके बाद किसी भी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि की अनुमति नहीं होगी.

प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय तापमान और उमस बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है.

स्कूल प्रबंधन को सख्त निर्देश

जिला दंडाधिकारी ने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. आदेश 22 जून से प्रभावी होकर 24 जून तक लागू रहेगा.

साथ ही प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी संस्थान द्वारा आदेश का उल्लंघन किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.

यह भी पढ़ें: NEET-UG Re-Exam 2026: बेतिया में धारा 163 लागू, परीक्षा केंद्रों के 500 गज दायरे में रहेगी निषेधाज्ञा

अभिभावकों से भी की गई अपील

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने दें और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें. स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लगातार बढ़ते तापमान के बीच बच्चों को पर्याप्त पानी पिलाने और दोपहर की धूप से दूर रखने की सलाह दे रहे हैं.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन