Bettiah: पानी समझकर थिनर पी गया 10 वर्षीय मासूम, ड्रम में मिला शव

Edited by SUMIT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

पानी समझकर थिनर पी गया 10 वर्षीय मासूम

Bettiah News: मैनाटांड के नगरदेही गांव में 10 साल के मासूम प्रिंस ने प्यास लगने पर गलती से थिनर पी लिया. शरीर में जलन होने पर वह पानी के ड्रम में बैठ गया, जहां दम घुटने और जहर के कारण उसकी मौत हो गई.जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मैनाटांड़ से रंजीत कुमार पटेल

Bettiah News: बेतिया के मैनाटांड प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भंगहा थाना के नगरदेही गांव में एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक हादसा सामने आया है.यहा भीषण गर्मी के बीच प्यास बुझाने की कोशिश एक 10 वर्षीय मासूम के लिए काल बन गई. बच्चे ने अनजाने में घर में रखे थिनर को पानी समझकर पी लिया, जिससे कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

बेचैनी बढ़ने पर पानी के ड्रम में जा बैठा मासूम

मृतक बच्चे की पहचान नगरदेही गांव निवासी संत कुशवाहा के 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण प्रिंस को तेज प्यास लगी थी. घर में रखे एक डब्बे में थिनर (रासायनिक पदार्थ) रखा हुआ था, जिसे मासूम पहचान नहीं पाया और पानी समझकर गटक गया. जहरीला पदार्थ पेट में जाते ही उसके शरीर में तेज जलन और बेचैनी होने लगी. इस असहजता और जलन को शांत करने के लिए मासूम घर में ही रखे पानी के एक बड़े ड्रम के अंदर जाकर बैठ गया.

काफी खोजबीन के बाद ड्रम से बरामद हुआ शव

जब काफी देर तक प्रिंस घर में कहीं दिखाई नहीं दिया, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. पूरे गांव और आसपास ढूंढने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने घर के भीतर जांच की. घटना के कुछ घंटों बाद जब परिजनों की नजर पानी के बड़े ड्रम पर पड़ी, तो उनके होश उड़गए. प्रिंस का शव उसी ड्रम के अंदर पड़ा हुआ था. मासूम का शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस कर रही मामले की जांच, लापरवाही की सीख

इस खौफनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जरा सी असावधानी के कारण एक हंसते-खेलते बच्चे की जान चली गई. इधर, मामले को लेकर प्रभारी थानाध्यक्ष काजल कुमारी ने बताया कि शुरुआत में घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली थी, लेकिन अब पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है. इस हादसे ने एक बार फिर यह चेतावनी दी है कि घरों में इस्तेमाल होने वाले थिनर, तेजाब या कीटनाशक जैसे जहरीले रसायनों को हमेशा बच्चों की पहुंच से दूर रखना चाहिए.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन