Bettiah: चनपटिया में बड़ा हादसा: शिविर से ई-ट्राइसाइकिल लेकर लौट रहे दिव्यांग को ट्रक ने रौंदा, मौत
शिविर से ई-ट्राइसाइकिल लेकर लौट रहे दिव्यांग को ट्रक ने रौंदा, मौत
Bettiah News: चनपटिया के जनकल्याण शिविर से ई-ट्राइसाइकिल लेकर लौट रहे दिव्यांग पतिराम महतो की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई. कुमारबाग केंद्रीय विद्यालय के पास हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है.
अजय चौबे की रिपोर्ट
Bettiah News: चनपटिया से एक बेहद मर्माहत करने वाली खबर सामने आई है.चनपटिया प्रखंड मुख्यालय में आयोजित जनकल्याण शिविर से ई-ट्राइसाइकिल पाकर अपने घर लौट रहे एक दिव्यांग व्यक्ति की मंगलवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. इस भीषण हादसे के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है.
केंद्रीय विद्यालय के पास तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा
मृतक की पहचान मनुआपुल थाना क्षेत्र के गुरवलिया पंचायत अंतर्गत भरवा टोला निवासी पतिराम महतो के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, पतिराम महतो प्रखंड मुख्यालय में आयोजित सरकारी जनकल्याण शिविर में शामिल होने आए थे. शिविर में उन्हें सरकार की योजना के तहत एक इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल (ई-ट्राइसाइकिल) प्रदान की गई थी. वह बेहद खुश होकर अपनी नई ई-ट्राइसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान कुमारबाग केंद्रीय विद्यालय के समीप मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
मौके पर ही तोड़ा दम, पुलिस ने ट्रक को किया जब्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही पतिराम महतो की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद सड़क पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही कुमारबाग थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच (GMCH) भेज दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है.
खुशी-खुशी घर लौट रहे थे पतिराम, उजड़ गया परिवार
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पतिराम महतो को लंबे समय से इस ई-ट्राइसाइकिल का इंतजार था.गाड़ी मिलने के बाद वे बेहद उत्साहित थे और खुशी-खुशी घर के लिए निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. रास्ते में हुए इस खौफनाक हादसे ने पल भर में उनकी जिंदगी छीन ली और परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. घटना के बाद से मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










