बेतिया में बन रहा सबसे बड़ा पार्क, जानिए क्या-क्या होगा खास?

Updated:
विज्ञापन
बेतिया मॉडल पार्क: मनोरंजन, स्वास्थ्य और प्रकृति का संगम

बेतिया में बन रहा सबसे बड़ा पार्क

पश्चिम चंपारण के लोगों के लिए खुशखबरी, बेतिया में जिले का सबसे बड़ा मॉडल पार्क बनने जा रहा है. यह पार्क मनोरंजन, स्वास्थ्य और प्रकृति का अद्भुत संगम होगा, जो इसे एक अनूठा पर्यटन स्थल बनाएगा.

विज्ञापन

Bettiah Model Park: पश्चिम चंपारण के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. जिला मुख्यालय बेतिया के झिलिया क्षेत्र में अब जिले का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक मॉडल पार्क बनाया जाएगा. नगर निगम की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस ऐसा सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है, जहां मनोरंजन, स्वास्थ्य और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा. पार्क को पर्यटन के लिहाज से भी नई पहचान दिलाने की तैयारी है.

करीब एक लाख वर्गफीट क्षेत्र में बनने वाले इस मॉडल पार्क को हर आयु वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जा रहा है. नगर निगम का दावा है कि यह पार्क भविष्य में पश्चिम चंपारण की नई पहचान बन सकता है.

नक्षत्र पार्क और हरियाली होगी सबसे बड़ी खासियत

पार्क में लगभग 300×300 वर्गफीट क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के छायादार, सजावटी और रंग-बिरंगे पेड़-पौधे लगाए जाएंगे. इसे वानस्पतिक उद्यान और नक्षत्र पार्क की अवधारणा पर विकसित करने की योजना है, ताकि लोगों को प्राकृतिक वातावरण के बीच सुकून भरा अनुभव मिल सके.

म्यूजिकल फाउंटेन, बच्चों के झूले और योग ट्रैक

पार्क के बीचों-बीच आधुनिक डिजाइन का म्यूजिकल फाउंटेन बनाया जाएगा, जो इसका मुख्य आकर्षण होगा. करीब 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र में रंग-बिरंगे पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे. बच्चों के लिए आधुनिक झूले और खेल उपकरण होंगे, जबकि युवाओं और बुजुर्गों के लिए वॉकिंग ट्रैक, योग और व्यायाम की सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

रात में जगमगाएगा पूरा पार्क

शाम के समय पार्क की खूबसूरती बढ़ाने के लिए चारों ओर आकर्षक एलईडी लाइटिंग लगाई जाएगी. रंग-बिरंगी रोशनी के बीच यह पार्क परिवारों और पर्यटकों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन बनने की उम्मीद है.

1.14 करोड़ रुपये से होगा विकास

परियोजना के तहत पार्क निर्माण पर करीब 69.41 लाख रुपये और सौंदर्यीकरण पर लगभग 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. फिलहाल निर्माण स्थल पर पांच फीट गहरे हिस्से में मिट्टी भराई का कार्य शुरू होने की तैयारी है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा पार्क

महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि पार्क को इस तरह विकसित किया जाएगा, जहां बच्चे खेल सकें, युवा स्वास्थ्य गतिविधियों का लाभ उठा सकें और बुजुर्ग शांत वातावरण में समय बिता सकें. वहीं नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने कहा कि पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पश्चिम चंपारण का प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाने का प्रयास किया जा रहा है.


विज्ञापन
Madhukar Mishra

लेखक के बारे में

By Madhukar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन