तेज रफ्तार हाइवा ने दो महिलाओं को रौंदा, एक की मौत, दूसरी गंभीर घायल, मुआवजे की मांग पर तीन घंटे जाम

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
Begusarai News : बेगूसराय के बरौनी में तेज रफ्तार हाइवा ने दो महिलाओं को कुचला, एक की मौत और एक घायल। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एनएच-31 को घंटों जाम किया।
Begusarai News : बरौनी रिफाइनरी थाना क्षेत्र के हरपुर चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार को तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ एनएच-31 जाम कर मुआवजा और हरपुर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग की.
डिवाइडर तोड़कर महिलाओं पर चढ़ा हाइवा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा ट्रक (बीआर 09 पीबी/6316) अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़ी महिलाओं पर चढ़ गया. हादसे में सरकारी मखतब स्कूल की रसोइया तथा निंगा वार्ड-8 निवासी मो. जाफरान की करीब 39 वर्षीय पत्नी रशीदा खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं स्व. मो. आजाद की करीब 35 वर्षीय पत्नी शहाना खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं. उनका इलाज बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. बताया गया कि मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं. हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया.
बैंक जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे रशीदा खातून और शहाना खातून जीविका समूह के ऋण से संबंधित राशि जमा और निकासी के लिए इलाहाबाद बैंक जा रही थीं. दोनों हरपुर चौक के पास सड़क किनारे खड़ी थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रशीदा खातून की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शहाना खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
मुआवजे और फ्लाईओवर की मांग पर तीन घंटे तक जाम
घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला के शव के साथ एनएच-31 को जाम कर दिया. लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा हरपुर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की मांग की. उनका कहना था कि यह स्थान ब्लैक स्पॉट बन चुका है, जहां लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. सड़क जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही जीरोमाइल इंस्पेक्टर अमलेश कुमार, रिफाइनरी थानाध्यक्ष सुभाष कुमार समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. बरौनी अंचलाधिकारी हेमंत अंकुर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों से बातचीत की. उन्होंने नियमानुसार सरकारी मुआवजा जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. यातायात एसआई विनोद कुमार और पुलिस टीम ने हाईवे पर यातायात को सामान्य कराया. मौके पर पैक्स अध्यक्ष विकास कुमार, मोसादपुर मुखिया राकेश कुमार सिंह, सरपंच विजय कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य तौकीर आलम, मो. हुकुमत सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे. मृतका के पति मो. जाफरान ने बरौनी रिफाइनरी थाना में लिखित आवेदन देकर उचित कार्रवाई की मांग की है.
ग्रामीण बोले, हरपुर चौक पर फ्लाईओवर की है जरूरत
ग्रामीणों ने बताया कि फोरलेन बनने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार काफी बढ़ गई है. हरपुर चौक बरौनी रिफाइनरी जाने का प्रमुख मार्ग है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है. उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों और सड़क पार करने की कठिनाई के कारण यहां लगातार हादसे हो रहे हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से हरपुर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










