श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने की समीक्षा बैठक

Updated:
विज्ञापन
गढ़पुरा चौक के समीप बना भव्य तोरण द्वार

गढ़पुरा चौक के समीप बना भव्य तोरण द्वार

Begusarai News : बाबा हरिगिरिधाम श्रावणी मेले में सुरक्षा को लेकर एसडीओ ने मजिस्ट्रेटों को दी कड़ी चेतावनी। लापरवाही बरतने पर होगी सख्त कार्रवाई, जानें पूरी जानकारी।

विज्ञापन

Begusarai News : श्रावणी मेला की सफलता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को बाबा हरिगिरिधाम परिसर में समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ एवं डीएसपी कुंदन कुमार ने मेला में प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में अधिकारियों को मेला के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

ड्यूटी में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ ने सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मेला ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसमें कोताही नौकरी पर भी भारी पड़ सकती है. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार पिछले तीन माह से श्रावणी मेला की तैयारियों में जुटी है. पूर्व में मंदिर परिसर में बिजली के करंट से हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर विशेष जोर दिया. साथ ही सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराने तथा कमजोर एवं निःसहाय श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के निर्देश दिए.

जलाभिषेक के समय भीड़ नियंत्रण पर विशेष जोर

डीएसपी कुंदन कुमार ने कहा कि पुलिस पदाधिकारी एवं मजिस्ट्रेट आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करेंगे. उन्होंने बताया कि सुबह मंदिर का पट खुलने और जलाभिषेक के समय सबसे अधिक भीड़ रहती है. ऐसे में धैर्यपूर्वक श्रद्धालुओं को समझाकर भीड़ नियंत्रित करनी होगी. उन्होंने मेला में अव्यवस्था फैलाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने का भी निर्देश दिया. बैठक में नगर परिषद बखरी के कार्यपालक पदाधिकारी प्रफुल्ल कुमार, गढ़पुरा बीडीओ अखिलेश्वर कुमार, पुलिस इंस्पेक्टर राम कुमार सिंह, बीपीआरओ समीक्षा झा, सीडीपीओ अनूप कुमार जायसवाल, एमओ गोविंद कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी बिहारी लाल शर्मा, गढ़पुरा थानाध्यक्ष राहुल कुमार, एसआई किशन कुमार, सुबोध कुमार, बीएओ ओमप्रकाश यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

मेला संचालन के लिए गठित किए गए अलग-अलग कोषांग

श्रावणी मेला के सुचारु संचालन के लिए बाबा हरिगिरिधाम न्यास समिति की ओर से विभिन्न कोषांगों का गठन किया गया है. समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ ने समिति के सदस्यों के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियों का वितरण किया. रसोई, बिजली, पानी, स्वच्छता, इमरजेंसी, पूजा एवं अतिथि सत्कार सहित अन्य कार्यों के लिए अलग-अलग कोषांग बनाए गए हैं. बैठक में उपाध्यक्ष सह डीएसपी कुंदन कुमार, सचिव विकास कुमार सिंघानिया, कोषाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद वर्मा तथा सदस्य दीपांशु कुमार पुष्पम, कमल किशोर झा, शिवनारायण झा, चंदन कुमार, संजीत चौधरी एवं अशोक सहनी उपस्थित रहे.

गढ़पुरा-बखरी और गढ़पुरा-मंझौल मार्ग पर रहेगा नो-एंट्री

श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने गढ़पुरा-बखरी पथ एवं गढ़पुरा-मंझौल पथ पर नो-एंट्री लागू कर दी है. एसडीओ के आदेश के अनुसार प्रत्येक रविवार दोपहर 2 बजे से सोमवार दोपहर 2 बजे तक इन मार्गों पर इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर दोपहिया से लेकर सभी बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी. नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति की गई है. वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा.

आज होगी मशहूर गायिका देवी की प्रस्तुति

बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा में रविवार को मशहूर लोक गायिका देवी का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा. कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि संभावित भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. इसके अलावा स्थानीय वालंटियर भी व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे.

Also Read : शेरघाटी में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के बाद तनाव, डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस



विज्ञापन
Shshikant Kumar

लेखक के बारे में

By Shshikant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन