बेगूसराय : गुरु पूर्णिमा पर स्कूल बना उत्सव का केंद्र, बच्चों ने पंक्तिबद्ध बैठकर किया तिथि भोज

विद्यालय में खीर भोजन करते हुए छात्र
बेगूसराय के बखरी स्थित सीमाना घाघरा विद्यालय में गुरु पूर्णिमा पर तिथि भोज का आयोजन हुआ, जहाँ बच्चों ने खीर-पूरी का आनंद लिया।
Begusarai News : बेगूसराय के बखरी प्रखंड स्थित सीमाना घाघरा विद्यालय में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को तिथि भोज का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया तथा उत्सव के माहौल में सामूहिक भोज का आनंद उठाया.
शिक्षकों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
विद्यालय के प्रधान शिक्षक मुरारी ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई. विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास से पूरे आयोजन का सफल संचालन किया गया.
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमडीएम प्रभारी छोटन महतो ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यालय में सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि तिथि भोज के माध्यम से बच्चों को विद्यालय में पर्व-त्योहार जैसा वातावरण मिलता है और उनमें आपसी सौहार्द की भावना विकसित होती है.
बच्चों को मिला रुचिकर भोजन
शिक्षक नेता दिलीप कुमार ने कहा कि नियमित मध्याह्न भोजन के बीच समय-समय पर रुचिकर भोजन उपलब्ध कराना एक सकारात्मक पहल है. उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रकार के तिथि भोज का आयोजन अन्य विद्यालयों में भी किया जाना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पंक्तिबद्ध बैठकर खीर, पूरी और सब्जी का स्वाद लिया.
प्रधान शिक्षक ने सभी का जताया आभार
प्रधान शिक्षक मुरारी ठाकुर ने तिथि भोज को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यालय कर्मियों और शिक्षा समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनापन और उत्साह बढ़ाते हैं.
कई शिक्षक और शिक्षा समिति के सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर पर शिक्षक दिलीप कुमार, उमेश राम, अमरजीत कुमार, राजू प्रसाद, राजकुमार, संजय सुमन, दीपक कुमार, ब्रजेश कुमार, एकाउंटेंट मुकेश कुमार, दीपक रजक, शंभूनाथ झा, राकेश कुमार, नवनीत कुमार, श्वेता कुमारी सहित शिक्षा समिति के सदस्य और अन्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










