बेगूसराय में बिना अनुमति चल रहा विवाह भवन हुआ सील, शिकायत के बाद प्रशासन का एक्शन

Updated:
विज्ञापन
शहनाई विवाह भवन तारा को सिल करते अधिकारी | Prabhat Khabar Network

शहनाई विवाह भवन तारा को सिल करते अधिकारी

खोदावंदपुर में बिना वैध लाइसेंस के संचालित शहनाई विवाह भवन को प्रशासन ने सील कर दिया। तेज आवाज और गंदगी की शिकायतों के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

विज्ञापन

Begusarai Marriage Hall Sealed : बेगूसराय के खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र की फफौत पंचायत अंतर्गत तारा गांव स्थित शहनाई विवाह भवन को बुधवार को प्रशासन ने सील कर दिया. अनुमंडल पदाधिकारी मंझौल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा और थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार की मौजूदगी में विवाह भवन में ताला लगाकर उसे सील किया गया.

सहयोग पोर्टल पर शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार तारा गांव निवासी स्वर्गीय रामाशीष महतो के पुत्र विजय कुमार ने सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विवाह भवन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान देर रात तक तेज आवाज में डीजे और बाजा बजाया जाता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की नींद प्रभावित होती है और बच्चों की पढ़ाई में भी बाधा पहुंचती है.

गंदगी और पटाखों से परेशानी का भी आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि कार्यक्रमों के बाद जूठे पत्तल, प्लास्टिक के गिलास तथा मछली और मुर्गे की हड्डियां आसपास के घरों की छतों पर फेंकी जाती हैं. इसके अलावा पटाखों की आतिशबाजी से भी स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. इन आरोपों के आधार पर प्रशासन ने मामले की जांच कराई.

जांच में बिना अनुमति संचालन की बात आई सामने

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि तारा गांव निवासी स्वर्गीय रामशरण महतो के पुत्र शशि रंजन कुमार द्वारा घनी आबादी के बीच इस विवाह भवन का निर्माण कराया गया है. जांच में यह भी पाया गया कि विवाह भवन के संचालन के लिए आवश्यक लाइसेंस और सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त नहीं की गई थी. इसी आधार पर भवन को सील करने की कार्रवाई की गई.

बिना अनुमति संचालित प्रतिष्ठानों पर जारी रहेगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैधानिक अनुमति संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. अधिकारियों ने संबंधित लोगों से सभी आवश्यक नियमों और अनुमति का पालन करने की अपील की है.


विज्ञापन
Rajesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rajesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन