सलौना स्टेशन पर समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर में महिला यात्री से मंगलसूत्र की छिनतई, यात्रियों में खौफ

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद बखरी के सलौना स्टेशन पर रोते बिखलते हुए पीड़ित महिला | Prabhat Khabar Network

सलौना रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री का मंगलसूत्र दिनदहाड़े छिन लिया गया. समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन में हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई है. यह वारदात रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाती है.

विज्ञापन

Begusarai News: बेगूसराय जिले अंतर्गत बखरी स्थित सलौना रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक सनसनीखेज छिनतई की वारदात सामने आई. समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (गाड़ी संख्या 63348) में सवार एक महिला यात्री के गले से शातिर उचक्का सोने का मंगलसूत्र झपटकर रफूचक्कर हो गया. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्टेशन परिसर और ट्रेन में यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. इस घटना ने एक बार फिर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

दोपहर 3:15 बजे की घटना, पूर्व दिशा की ओर भागा बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर लगभग 3:15 बजे की है. पीड़ित महिला सलौना स्टेशन से ओलापुर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी. जैसे ही ट्रेन सलौना स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रुकी, तभी एक अज्ञात बदमाश ने मौका पाकर महिला के गले से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र तोड़ लिया. पीड़ित महिला ने तुरंत शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के यात्री व लोग कुछ समझ पाते, तब तक उचक्का प्लेटफॉर्म संख्या-1 से पूर्व दिशा की ओर भाग निकला. पीड़ित महिला ने अपना नाम राबड़ी देवी, पति कोल्हापुर निवासी बताया है. महिला के चीखने-चिल्लाने के बीच ही ट्रेन खुल गई, जिससे बदमाश को पकड़ने का मौका नहीं मिल सका.

सलौना स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ सुरक्षा पर उठे सवाल

घटना से आक्रोशित स्थानीय यात्रियों का कहना है कि सलौना स्टेशन पर चोरी और छिनतई की घटनाएं आम हो चुकी हैं. चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर उतरने-चढ़ने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाया जाना आम बात हो गई है. यात्रियों ने आरोप लगाया कि समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड और सलौना स्टेशन पर जीआरपी (GRP) या आरपीएफ (RPF) के जवानों की पर्याप्त तैनाती नहीं रहती, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं. स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने रेल प्रशासन से सलौना स्टेशन पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने की मांग की है ताकि यात्री सुरक्षित सफर कर सकें.

Also Read: बेगूसराय के चार लाभुकों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद, शिकायत पर त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन