तेघड़ा में कृष्ण जन्मोत्सव मेला की तैयारी को लेकर बैठक, सुरक्षा से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक पर हुई चर्चा
तेघड़ा अनुमंडल कार्यालय में जन्माष्टमी मेला को लेकर एसडीओ ने किया बैठक
Begusarai News : तेघड़ा कृष्ण जन्मोत्सव मेला की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर एसडीओ ने बैठक की. श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम और ट्रैफिक व्यवस्था पर दिए गए कड़े निर्देश.
Begusarai News : अनुमंडल कार्यालय तेघड़ा में बुधवार को एसडीओ नीरज कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में ऐतिहासिक कृष्ण जन्मोत्सव मेला की तैयारियों को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में मेला की सुरक्षा, यातायात, पेयजल, शौचालय, उद्घोषणा, सीसीटीवी कैमरा तथा महिला एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में तेघड़ा प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे. एसडीओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
कृष्ण जन्मोत्सव मेला तेघड़ा का गौरव : एसडीओ
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि तेघड़ा का कृष्ण जन्मोत्सव मेला जिले का गौरव है. इसकी गरिमा को बढ़ाने में प्रशासनिक स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी. मेला परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पूजा पंडाल, मीना बाजार, गौशाला मैदान समेत अन्य स्थानों पर लगने वाले मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था को लेकर आयोजन समिति के साथ बिंदुवार चर्चा कर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है.
आयोजन समिति के साथ तैयारियों की समीक्षा
एसडीओ ने कहा कि कृष्ण जन्मोत्सव मेला को ऐतिहासिक और व्यवस्थित बनाने में सभी विभागों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी. मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया गया है. बैठक के दौरान पदाधिकारियों से मेला को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
स्टेशन रोड से ब्लॉक चौक तक रहेगी नो-एंट्री
मेला के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए रजिस्ट्री ऑफिस छड़की के पास से स्टेशन रोड होते हुए ब्लॉक चौक तक नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी. इसके अलावा मेला क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रखने के लिए आवश्यक यातायात प्रबंधन किया जाएगा.
मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की होगी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला क्षेत्र में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी, महिला पुलिसकर्मी एवं अन्य पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. महिला एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे.
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी मेला परिसर की निगरानी
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे पूजा पंडाल एवं मेला परिसर की निगरानी की जाएगी. इसके लिए विशेष टीम को जिम्मेदारी दी जाएगी. प्रशासन का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखना है.
कई विभागों के पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में डीसीएलआर मयंकेश्वर कुमार, बीडीओ रजनीश कुमार, सीओ दीपक कुमार, नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी रिषु कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. अधिकारियों ने मेला की तैयारियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और बेहतर व्यवस्था के लिए आवश्यक सुझाव दिए.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










