बेगूसराय के शाम्हो में बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा बैठक, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन
बैठक में भाग लेते पदाधिकारी व प्रतिनिधि

बैठक में भाग लेते पदाधिकारी व प्रतिनिधि

Begusarai News : शाम्हो प्रखंड में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर जताई गई गहरी चिंता। राहत कार्यों पर हुई चर्चा।

विज्ञापन

Begusarai News : शाम्हो प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में संभावित बाढ़ 2026 के मद्देनजर बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी रजनीश कुमार ने की. हालांकि बैठक में अधिकांश पदाधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही, जिस पर गहरी चिंता जताई गई.

बाढ़ से निपटने की तैयारियों पर हुई चर्चा

बैठक में बाढ़ के दौरान बचाव और राहत कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई. अंचल अधिकारी ने नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कम्युनिटी किचन की व्यवस्था करने तथा सभी निचले इलाकों और सुरक्षित घाटों को चिह्नित करने पर विशेष जोर दिया. साथ ही एनडीआरएफ की टीम की तैनाती की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई.

अनुपस्थिति और प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल

बैठक के दौरान यह भी चर्चा हुई कि शाम्हो प्रखंड में नियमित रूप से अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति नहीं रहती, जिससे आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पाता. इस मुद्दे पर भी चिंता व्यक्त की गई.

जनप्रतिनिधियों ने रखी अपनी आपत्तियां

बैठक में सीपीआई के अंचल मंत्री अशोक प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि बैठक के लिए सम्मानजनक ढंग से आमंत्रण पत्र नहीं भेजा गया. वहीं जिला परिषद सदस्य अमित कुमार ने अंचल अधिकारी पर सप्ताह में केवल दो दिन ही जनता से मिलने का समय निर्धारित करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई.

अंचल अधिकारी ने दिया अपना पक्ष

अंचल अधिकारी रजनीश कुमार ने कहा कि उन्होंने कर्मचारियों को सभी संबंधित लोगों तक सूचना पहुंचाने का निर्देश दिया था. उन्होंने यह भी कहा कि शाम्हो में कार्यभार संभालने के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कई जनप्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात नहीं की है. वहीं अंचल कर्मी कुंदन कुमार ने बताया कि सभी वार्ड सदस्यों और जनप्रतिनिधियों को बैठक की सूचना व्हाट्सएप समूह के माध्यम से भेजी गई थी.

जिला प्रशासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने समय रहते बाढ़ से निपटने की समुचित तैयारी पर जोर दिया. अंचल अधिकारी ने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन को पत्र भेजा जाएगा, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में राहत और बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकें. बैठक में अश्विनी कुमार उर्फ रॉकी, सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन, प्रखंड जदयू अध्यक्ष अमरजीत कुमार, पंचायत समिति सदस्य रविश कुमार, उप प्रमुख प्रतिनिधि राजेश कुमार सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे.

Also Read : शेरघाटी में किशोर की पीट-पीटकर हत्या के बाद तनाव, डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस



विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन