45 वर्षों का इंतजार खत्म, रामकुमारी अयोध्या विधि महाविद्यालय को मिली नियमित प्राचार्य

चयन समिति के साथ डॉ परिनीता सिंह | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के रामकुमारी अयोध्या विधि महाविद्यालय में दशकों से खाली प्राचार्य पद पर डॉ. परिनीता सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है. चयन समिति ने उन्हें सभी मानकों पर खरा उतरने पर चुना.
Begusarai News : बेगूसराय जिले में करीब साढ़े चार दशकों की लंबी प्रतीक्षा के बाद रामकुमारी अयोध्या विधि महाविद्यालय को नियमित प्राचार्य मिल गई हैं. अब तक महाविद्यालय का संचालन प्रभारी प्राचार्यों के माध्यम से किया जा रहा था. चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ. परिनीता सिंह ने नियमित प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है.
चयन समिति ने सर्वसम्मति से किया चयन
तदर्थ समिति के सचिव प्रो. कमलेश कुमार ने बताया कि नियमित प्राचार्य की नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी कर महाविद्यालय के पुस्तकालय में साक्षात्कार आयोजित किया गया. नौ सदस्यीय चयन समिति में विश्वविद्यालय द्वारा नामित सदस्य, विभिन्न विश्वविद्यालयों के विषय विशेषज्ञ तथा तदर्थ समिति के प्रतिनिधि शामिल थे. चयन समिति ने सर्वसम्मति से डॉ. परिनीता सिंह को सर्वोत्तम अभ्यर्थी के रूप में चुना, जो यूजीसी और बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सभी मानकों पर खरी उतरीं.
शैक्षणिक उपलब्धियों से समृद्ध हैं डॉ. परिनीता सिंह
प्रो. कमलेश कुमार ने बताया कि डॉ. परिनीता सिंह ने बीआरडीएवी पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद बेंगलुरु विश्वविद्यालय से बीए-एलएलबी, सनराइज यूनिवर्सिटी, अलवर से एलएलएम तथा एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी, कैथल (हरियाणा) से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की. वह यूजीसी-नेट भी उत्तीर्ण कर चुकी हैं. उनके कई शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं तथा उनकी एक पुस्तक भी प्रकाशित है. साथ ही उन्हें शिक्षण का पर्याप्त अनुभव भी है.
नियमित प्राचार्य के रूप में संभाला कार्यभार
चयन समिति की अनुशंसा के बाद तदर्थ समिति के अध्यक्ष और सचिव ने डॉ. परिनीता सिंह को योगदान पत्र जारी किया. सहमति पत्र सौंपने के बाद उन्होंने विधिवत नियमित प्राचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया. इसकी सूचना विश्वविद्यालय, यूजीसी और बार काउंसिल ऑफ इंडिया को भी भेज दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










