मुजफ्फरपुर: जंक्शन के बाहर जलजमाव पर भड़के पार्षद, रेल मंत्री को लिखा पत्र
मुजफ्फरपुर जंक्शन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण के बावजूद मुख्य प्रवेश द्वार पर जलजमाव की समस्या बनी हुई है. नगर निगम पार्षद ने रेल मंत्री से स्थायी समाधान की मांग की है.
Muzaffarpur News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक स्वरूप ले रहे मुजफ्फरपुर जंक्शन के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलजमाव की समस्या को लेकर वार्ड संख्या-21 के नगर निगम पार्षद कमलेश्वर प्रसाद उर्फ केपी पप्पू ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर स्थायी समाधान की मांग की है. उन्होंने कहा कि हल्की बारिश में भी स्टेशन रोड पर जलभराव होने से शहरवासियों और रेल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
पुराने नाले की कम क्षमता बनी समस्या की वजह
पार्षद ने पत्र में उल्लेख किया है कि रेल मंत्री के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान भी उन्होंने इस समस्या की जानकारी दी थी. उनके अनुसार, रेलवे क्रॉसिंग से कटही पुल की ओर जाने वाला अंग्रेजों के समय का पुराना और संकरा नाला बारिश का पानी तेजी से निकालने में सक्षम नहीं है. इसी कारण थोड़ी बारिश में भी स्टेशन रोड पर जलजमाव हो जाता है.
माइक्रो टनलिंग तकनीक से समाधान का सुझाव
पार्षद ने बताया कि समस्या से अवगत कराने के बाद रेल मंत्री ने माइक्रो टनलिंग अथवा किसी अन्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से नया नाला बनाने का निर्देश दिया था. हालांकि, उनका आरोप है कि स्थानीय रेलवे अधिकारियों और अभियंताओं की उदासीनता के कारण अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है.
जलजमाव से प्रभावित हो रही स्टेशन की छवि
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मुजफ्फरपुर जंक्शन का तेजी से कायाकल्प किया जा रहा है, लेकिन मुख्य प्रवेश द्वार पर जलजमाव की समस्या इस परियोजना पर दाग की तरह है. इससे यात्रियों को आने-जाने में परेशानी होती है और स्टेशन की स्वच्छता, सुंदरता के साथ-साथ शहर की छवि भी प्रभावित होती है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए