बेगूसराय: चमथा में पंजाब नेशनल बैंक की नई शाखा का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं

पंजाब नेशनल बैंक ने बेगूसराय जिले के चमथा पूर्वी दुर्गा स्थान में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया है. इस कदम से क्षेत्र के हजारों लोगों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी.
Begusarai News: बैंकिंग सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक सुलभ और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंजाब नेशनल बैंक ने बेगूसराय जिले के चमथा पूर्वी दुर्गा स्थान में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया है. इस नई शाखा के खुलने से क्षेत्र के हजारों लोगों को अब आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी. शाखा के खुलने से चमथा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज के शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा वित्तीय समावेशन को भी बढ़ावा मिलेगा.
एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी वित्तीय सुविधाएं
नई शाखा के माध्यम से ग्राहकों को बचत एवं चालू खाते खोलने, नकद जमा एवं निकासी, किसान व व्यावसायिक ऋण, गृह एवं वाहन ऋण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसके साथ ही डिजिटल बैंकिंग, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, बायोमेट्रिक आधारित बैंकिंग सेवाएं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी तमाम सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी. इस पहल से स्थानीय व्यापारियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा.
डिजिटल बैंकिंग अपनाने की अपील, ग्रामीणों में हर्ष
शाखा प्रभारी ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक ग्राहकों को सुरक्षित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से नई शाखा की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग को अपनाने की अपील की. इस नई शाखा के शुभारंभ पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को काफी मजबूती मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










