बेगूसराय: विधायक रजनीश कुमार ने विधानसभा में उठाया पीपा पुल का मुद्दा, सरकार ने सर्वे पूरा होने की दी जानकारी

Updated:
विज्ञापन
विधायक ने विधान सभा में उठाई किसानों की वर्षों पुरानी समस्या,मधुरापुर बोल्डर घाट गंगा नदी पर पीपा पुल निर्माण की मांग

बिहार विधानसभा में तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार ने गंगा नदी के पार स्थित कृषि योग्य भूमि तक किसानों की सुगम पहुंच के लिए पीपा पुल निर्माण की मांग उठाई. सरकार ने सर्वे पूरा होने और अगले मानसून से पहले निर्माण का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

Begusarai News: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के प्रश्नकाल के दौरान तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रजनीश कुमार ने तेघड़ा प्रखंड के मधुरापुर, दुलारपुर, आधारपुर, बजलपुरा सहित आसपास के गांवों के हजारों किसानों की वर्षों पुरानी गंभीर समस्या को सदन में प्रमुखता से उठाया. उन्होंने गंगा नदी के पार स्थित कृषि योग्य भूमि तक किसानों की सुगम पहुंच के लिए पीपा पुल निर्माण की जोरदार मांग रखी.

नाव से फसल ढोने को मजबूर हैं किसान

विधायक रजनीश कुमार ने सदन को अवगत कराया कि इन गांवों के किसानों की हजारों हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि गंगा नदी के पार स्थित है. प्रत्येक वर्ष रबी फसल के मौसम में किसानों को अपनी तैयार फसल, पशुचारा एवं कृषि उत्पादों को नाव के सहारे गंगा पार लाना पड़ता है. इस दौरान नाव दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है, जिससे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जान-माल की हानि की आशंका भी बनी रहती है.

रबी मौसम में पीपा पुल निर्माण की मांग

उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों की इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए. उन्होंने रबी फसल के मौसम में गंगा नदी पर पीपा पुल का निर्माण कराने का आग्रह किया, ताकि किसानों की उपज का सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित हो सके और आम नागरिकों का आवागमन भी सुगम व सुरक्षित बनाया जा सके.

अगले मानसून से पहले बनेगा पीपा पुल

इस पर पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने सदन में उत्तर देते हुए बताया कि गंगा नदी पर पीपा पुल निर्माण के लिए सर्वे कराया गया है और एस्टीमेट बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करते हुए अगले मानसून से पहले पीपा पुल का निर्माण करा दिया जाएगा.

किसानों और आमजन में खुशी की लहर

विधायक रजनीश कुमार ने सरकार की इस सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पीपा पुल का निर्माण क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा. इस महत्वपूर्ण घोषणा की जानकारी मिलते ही तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र के किसानों एवं आम लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने विधायक के प्रति आभार व धन्यवाद व्यक्त किया.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन