बेगूसराय में मेधावी परीक्षार्थी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, शिक्षा के महत्व पर अधिकारियों ने किया प्रेरित

Updated:
विज्ञापन

मंचस्थ अतिथि एवं लेखन सामग्री वितरित करते थानाध्यक्ष

Begusarai News : बेगूसराय के सकरबासा में बेटर सोसाइटी द्वारा मेधावी छात्रों का सम्मान किया गया. अधिकारियों ने शिक्षा के महत्व और अनुशासन पर छात्रों को प्रेरित किया.

विज्ञापन

Begusarai News : चेरिया बरियारपुर प्रखंड क्षेत्र के सकरबासा दुर्गा स्थान परिसर में बेटर सोसाइटी, सकरबासा के तत्वावधान में मेधावी एवं आगामी मैट्रिक परीक्षार्थी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कुल 250 छात्र-छात्राओं को पुस्तकें और कॉपियां भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

दीप प्रज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राजू कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतहर हुसैन, थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. समारोह में पहुंचे सभी अतिथियों का बेटर सोसाइटी की ओर से मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप माला, पाग, चादर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया.

शिक्षा को बताया जीवन की सबसे बड़ी ताकत

थानाध्यक्ष ज्योति कुमार बसु ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन का श्रृंगार है. सूर्य की रोशनी से भी अधिक चमक शिक्षा में होती है. यदि जीवन में आगे बढ़ना है तो सभी बच्चों को पूरी लगन, ईमानदारी और अनुशासन के साथ पढ़ाई करनी चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया.

नियमित अध्ययन और समय का सदुपयोग जरूरी

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अतहर हुसैन ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है. विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयारी कर सफलता प्राप्त करनी चाहिए. वहीं जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राजू कुमार ने शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.

सफल विद्यार्थियों के साथ परीक्षार्थियों का भी बढ़ाया उत्साह

समारोह में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. साथ ही आगामी मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया. आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है.

बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता बेटर सोसाइटी, सकरबासा के अध्यक्ष शुभम राय ने की, जबकि मंच संचालन समाजसेवी राजेश कुमार ने किया. इस अवसर पर बेटर सोसाइटी के उपाध्यक्ष अंकेश कुमार, सचिव चंदन कुमार पासवान, कोषाध्यक्ष गोविंद कुमार, प्रधानाध्यापक मायाराम चौधरी, विजय कुमार सिंह सहित 10 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

Also Read : अंतरराष्ट्रीय युवा संसद में नवादा की माही भारद्वाज बनीं 'बेस्ट डेलीगेट', बढ़ाया बिहार का मान



विज्ञापन
Rajesh Kumar

लेखक के बारे में

By Rajesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन