बेगूसराय में सावन की पहली सोमवारी और नाग पंचमी पर झमटिया गंगा घाट में उमड़ी आस्था, जलकुंभी से श्रद्धालु रहे परेशान

Updated:
विज्ञापन

झमटिया घाम गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Begusarai News : बछवाड़ा में नाग पंचमी और सावन की पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर मंदिरों में पूजा-अर्चना की. क्षेत्र में भक्ति का माहौल रहा.

विज्ञापन

Begusarai News : सावन की पहली सोमवारी और नाग पंचमी के अवसर पर बछवाड़ा प्रखंड के प्रसिद्ध झमटिया धाम गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अहले सुबह से ही गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. हालांकि गंगा घाट पर फैली जलकुंभी के कारण श्रद्धालुओं को स्नान करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

गंगा जल लेकर शिवालयों के लिए हुए रवाना

गंगा स्नान और घाट स्थित मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु गंगा जल लेकर विद्यापतिधाम, हरिगिरि धाम गढ़पुरा और समस्तीपुर स्थित थानेश्वर स्थान सहित विभिन्न प्रसिद्ध शिवालयों में जलार्पण के लिए रवाना हुए. 'हर-हर महादेव', 'बोल बम' और 'जय श्री राम' के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा.

महिलाओं ने नाग पंचमी पर की विशेष पूजा

नाग पंचमी के अवसर पर विभिन्न गंगा घाटों पर महिलाओं की भी अच्छी-खासी भीड़ रही. महिलाओं ने गंगा स्नान के बाद परिवार की सुख-समृद्धि, स्वस्थ जीवन और वंश वृद्धि की कामना करते हुए परिवार के सदस्यों के नाम से नीम-कुश बांधा. इसके बाद गंगा जल और नीम-कुश लेकर अपने घर लौटीं तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. परंपरा के अनुसार परिवार के सदस्यों को भोजन से पहले दही और नीम का पत्ता भी खिलाया गया.

विषहर स्थानों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नाग पंचमी को लेकर रानी एक पंचायत के आजादनगर, रानी तीन पंचायत के रानी गांव, रानी दो पंचायत के बेगमसराय, गोविंदपुर-तीन पंचायत के राजापुर, गोधना पंचायत के नवादा, दादुपुर सहित विभिन्न विषहर स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर दूध और लावा अर्पित किया. दोपहर बाद मंदिर परिसरों में मेले जैसा माहौल देखने को मिला.

ढोल-नगाड़ों के बीच हुई पूजा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन

गंगा स्नान के बाद पुजारियों के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और दूध, लावा तथा झाप चढ़ाकर मां भगवती से परिवार की सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना की. कई विषहर स्थानों पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए. वहीं, कई मंदिर परिसरों में नाग पंचमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया. पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बछवाड़ा पुलिस ने विभिन्न गंगा घाटों और मंदिर परिसरों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे. पुलिस बल पूरे दिन मुस्तैद रहा, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.

Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम



आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन