बेगूसराय : छौड़ाही में एक बार अतिक्रमण हटाया तो फिर बना लिया कब्जा, प्रशासन ने दोबारा चलाया बुलडोजर
बुलडोजर एक्शन की सांकेतिक तस्वीर
बेगूसराय जिले के छौड़ाही प्रखंड अंतर्गत सहुरी पंचायत के गौड़ीडीह गांव में प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर 15 कट्ठा गैर मजरूआ आम जमीन को अतिक्रमणमुक्त कर दिया. पूर्व में हटाए जाने के बाद दोबारा कब्जा करने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन की यह सख्त कार्रवाई बीडीओ प्रिया कुमारी और सीओ चंद्र प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पूरी शांति और सुरक्षा के बीच संपन्न हुई.
बेगूसराय के छौड़ाही प्रखंड में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रशासन की सख्ती लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी पूरी मुस्तैदी के साथ जारी रही. सहुरी पंचायत के गौड़ीडीह गांव में प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए 15 कट्ठा गैर मजरूआ आम भूमि के अंश भाग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. इस बड़ी कार्रवाई के बाद से इलाके के भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन ने कड़ी चेतावनी दी है कि सरकारी गैर मजरूआ आम जमीन पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा या अवैध निर्माण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला सहुरी पंचायत के गौड़ीडीह निवासी विनोद कुमार सिंह द्वारा दर्ज कराए गए कानूनी वाद से जुड़ा हुआ है. आवेदक ने अंचल कार्यालय छौड़ाही में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि मौजा-गौड़ीडीह, थाना नंबर-12, खाता नंबर-76, खेसरा नंबर-256, रकवा 15 कट्ठा, किस्म 'गैर मजरूआ आम' के अंश भाग पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा है.
बताते चलें कि इससे पूर्व भी आवेदक द्वारा इस जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ वर्ष 2022 में माननीय उच्च न्यायालय, पटना में सीडब्ल्यूजेसी संख्या 8717/2022 दायर किया गया था. उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में अंचल कार्यालय छौड़ाही में अतिक्रमण वाद संख्या-02/24-25 दर्ज किया गया था.
पहले भी हटाया गया था अतिक्रमण, दोबारा हुआ था कब्जा
अंचल कार्यालय में वाद दर्ज होने के बाद सीओ द्वारा संबंधित अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर उक्त अंश भाग से खुद अतिक्रमण हटा लेने का निर्देश दिया गया था, लेकिन तय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया. इसके बाद गत 11 जून 2026 को प्रशासन ने कार्रवाई कर उक्त अंश भाग को अतिक्रमणमुक्त कराया था.
उल्लेखनीय है कि जमीन खाली होने के बावजूद अतिक्रमणकारियों की धृष्टता देखिए कि प्रशासन के जाते ही उन्होंने पुनः उसी गैर मजरूआ आम की जमीन पर दोबारा कब्जा जमा लिया और फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया.
इसकी सूचना मिलने पर आवेदक विनोद कुमार सिंह ने दोबारा अंचल अधिकारी को पूरी जानकारी दी और तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ ने मंझौल एसडीएम के पास प्रतिवेदन भेजकर दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की मांग की.
विरोध के बीच प्रशासन ने की बुलडोजर कार्रवाई
एसडीएम और एसडीपीओ मंझौल द्वारा संयुक्त आदेश जारी किए जाने के बाद मंगलवार को प्रशासन की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और 15 कट्ठा गैर मजरूआ आम भूमि के उस अंश भाग से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया.
कार्रवाई के दौरान जब लोगों के अवैध आशियाने टूटने लगे, तो कुछ अतिक्रमणकारी चीखने-चिल्लाने लगे और प्रशासन का पुरजोर प्रतिकार करने का प्रयास किया. कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पूरी सूझबूझ और संयम से काम लेते हुए स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और शांतिपूर्ण तरीके से जेसीबी के माध्यम से पूरे अंश भाग को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त करा दिया.
इस बड़े अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान वरीय दंडाधिकारी के रूप में बीडीओ प्रिया कुमारी और सीओ चंद्र प्रकाश पांडेय प्रमुख रूप से मौजूद रहे. वहीं, विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर प्रभारी थानाध्यक्ष रौशन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार व राकेश कुमार सहित बेगूसराय पुलिस केंद्र से आए सशस्त्र बल, लाठी बल और भारी संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
अंचल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैर मजरूआ आम के इस अंश भाग को पूरी तरह खाली कराकर अब सरकारी अभिलेख में सुरक्षित कर लिया गया है. प्रशासन ने आम लोगों से सख्त अपील की है कि वे सरकारी जमीन पर कब्जा करने से बचें, अन्यथा दोबारा अतिक्रमण करने पर उनके खिलाफ और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए